राजस्थान में गर्मी ने दस्तक दे दी। रविवार को बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी के अलावा अब पूर्वी राजस्थान समेत अन्य दूसरे जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। बाड़मेर में रविवार को दिन सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया।
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में सोमवार को भी मौसम ड्राय रहने और तेज धूप रहने के आसार हैं। 17 फरवरी यानी मंगलवार से प्रदेश में एक पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने और उसके असर से जयपुर, बीकानेर संभाग के एरिया में मौसम बदलने की संभावना जताई है।

पिछले 24 घंटे में प्रदेश के सभी शहरों में सुबह से आसमान साफ रहा था। तेज धूप निकली थी। बाड़मेर में दिन में गर्मी तेज रही और अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 33.8, जोधपुर में 33.1, बीकानेर में 32.8, जालौर में 32.6, दौसा में 31.3, लूणकरणसर में 31.6, डूंगरपुर में 31.8, नागौर में 31.2, चूरू में 31.5, फलोदी में 31.8, कोटा में 31.3, भीलवाड़ा में 31.4 और अजमेर में 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
इन शहरों के अलावा जयपुर, पिलानी (झुंझुनूं), उदयपुर, श्रीगंगानगर, पाली, करौली, फतेहपुर (सीकर) में भी दिन में तेज धूप रहने से दिन में हल्की गर्मी रही। इन शहरों का अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ।
दिन का तापमान सामान्य से 6 डिग्री ऊपर मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर की रिपोर्ट के मुताबिक, इन दिनों अचानक गर्मी तेज होने से राज्य के शहरों का अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज हो रहा है। जैसलमेर में कल (15 फरवरी) अधिकतम तापमान यहां के सामान्य तापमान से 6.7 डिग्री ऊपर दर्ज हुआ। चित्तौड़गढ़ में 4.7, बाड़मेर में 6.4, श्रीगंगानगर में 6, बीकानेर में 5.8, जयपुर में 4.6, पिलानी (झुंझुनूं) में 5.5 और जोधपुर में तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री ऊपर दर्ज हुआ।
सुबह-शाम की सर्दी हुई खत्म जयपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी, बीकानेर में अब सुबह-शाम की सर्दी लगभग खत्म हो गई। इन शहरों में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हो रहा है। सीकर, फतेहपुर, पिलानी, झुंझुनूं, चूरू के अलावा अन्य शहरों में भी सुबह-शाम की सर्दी में कमी आ रही है। इन शहरों में भी अब न्यूनतम तापमान बढ़ने लगा है।
17 फरवरी से बदल सकता है मौसम जयपुर मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- एक पश्चिमी विक्षोभ 17 फरवरी से राज्य पर एक्टिव होगा। इस सिस्टम के असर से जयपुर, बीकानेर संभाग के चूरू, सीकर, झुंझुनूं, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर के एरिया में मौसम बदल सकता है। इन इलाकों में कहीं-कहीं बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की-तेज हवाएं चलने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है।





