Home » जयपुर » क्राइम » ड्रग्स माफियाओं पर ANTF का तिहरा प्रहार: फलोदी, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर में बैक-टू-बैक कार्रवाइयां, 3 तस्कर दबोचे

ड्रग्स माफियाओं पर ANTF का तिहरा प्रहार: फलोदी, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर में बैक-टू-बैक कार्रवाइयां, 3 तस्कर दबोचे

स्निफर डॉग की मदद से होटल के काउंटर से पकड़ा गया डोडा-चूरा;उदयपुर में ई-मित्र संचालक स्कूटी से प्रतिबंधित कैप्सूल सप्लाई करते रंगे हाथों गिरफ्तार

न्यूज इन राजस्थान सुनील शर्मा
जयपुर। राजस्थान को पूर्णतः नशामुक्त करने के संकल्प के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का नशे के सौदागरों पर अनवरत कहर बरपाने का सिलसिला जारी है। राज्य के अलग-अलग हिस्सो में बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए ए.एन.टी.एफ महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के महत्वपूर्ण मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाइयों का सिलसिला लगातार चल रहा है। इसी कड़ी में एएनटीएफ ने स्थानीय थानों की पुलिस के साथ मिलकर फलोदी, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर जिलों में तीन बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देकर 3 आरोपियों को दस्तयाब किया है तथा भारी मात्रा में डोडा-चूरा, प्रतिबंधित नशीली दवाइयां और एक स्कूटी जब्त की है।

*फलोदी: घर के बाहर घेराबंदी कर पकड़ा 15 किलो से अधिक डोडा-चूरा*

एएनटीएफ की पहली बड़ी कार्रवाई फलोदी जिले के लोहावट थाना क्षेत्र में अंजाम दी गई। टीम को पुख्ता आसूचना मिली थी कि जाखड़ों की ढाणी पलीना में एक व्यक्ति के घर के भीतर भारी मात्रा में संदिग्ध मादक पदार्थ छुपाकर रखा गया है।सूचना की तस्दीक होने पर टीम ने जाखड़ों की ढाणी में बताए गए घर के बाहर पहुंच निगरानी रखना शुरू किया और स्थानीय लोहावट थाना पुलिस को मौके पर बुलाया। पुलिस जाब्ते को आता देख एक संदिग्ध व्यक्ति घर से निकलकर भागने लगा। मुस्तैद टीम व पुलिस जाब्ते ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। जब घर की सघन तलाशी ली गई, तो अंदर से 15.406 किलोग्राम अवैध डोडा-चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी भोमाराम (25) पुत्र तुलछाराम जाट को गिरफ्तार कर लिया।

*चित्तौड़गढ़: हाईवे के होटल पर दबिश, प्रशिक्षित डॉग ने सूंघकर पकड़ा नशा*

दूसरी कार्रवाई चित्तौड़गढ़ जिले के भादसौड़ा थाना क्षेत्र में उदयपुर-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर स्थित श्री देव दर्शन होटल पर की गई, जहाँ अवैध रूप से मादक पदार्थों की बिक्री की जा रही थी।पुख्ता सूचना के आधार पर टीम ने स्थानीय भादसौड़ा पुलिस से संपर्क कर संयुक्त जाब्ता तैयार किया। पुलिस टीम ने जब अपने विशेष प्रशिक्षित स्निफर डॉग की मदद से होटल पर औचक दबिश दी, तो वहां काउंटर पर बैठा व्यक्ति हक्का-बक्का रह गया और बुरी तरह घबराने लगा। चालाक तस्कर ने नशा छुपाने की पूरी कोशिश की थी, लेकिन पुलिस के ट्रेंड डॉग ने अपनी खोजी क्षमता के बल पर होटल में छुपाकर रखा गया 3.780 किलोग्राम अवैध डोडा-चूरा ढूंढ निकाला। पुलिस ने माल जब्त कर आरोपी लक्ष्मणराम (35) पुत्र मांगाराम देवासी निवासी कुड़ी, पचपदरा जिला बालोतरा को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

*उदयपुर: ई-मित्र की आड़ में नशीले कैप्सूल की सप्लाई, स्कूटी जब्त*

तीसरी कार्रवाई उदयपुर जिले के सूरजपोल थाना क्षेत्र में हुई, जहाँ युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने वाले प्रतिबंधित मेडिकल नशे के खिलाफ एक्शन लिया गया।टीम को गोपनीय इनपुट मिला था कि इंद्रानगर बीडा में जीआर कंप्यूटर ई-मित्र दुकान का संचालक प्रतिबंधित अवैध कैप्सूल का धंधा करता है और वह अपनी स्कूटी से नशे की खेप सप्लाई करने निकलने वाला है। टीम तुरंत ई-मित्र दुकान के बाहर पहुंची और बताए गए हुलिए के अनुसार स्कूटी के पास खड़े संदिग्ध को डिटेन कर सूरजपोल थाना पुलिस को मौके पर बुलाया। जब व्यक्ति की स्कूटी की डिक्की और अन्य हिस्सों की तलाशी ली गई, तो उसमें से 40 अवैध प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने प्रतिबंधित कैप्सूल और स्कूटी को जब्त कर आरोपी रवि अठवाल (33) पुत्र जगदीश चंद्र अठवाल निवासी हरिजन बस्ती, खांजीपीर, उदयपुर को गिरफ्तार कर लिया।


महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने कहा कि प्रदेश में नशे के नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने के लिए एएनटीएफ की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि तीनों सफल ऑपरेशनों में शामिल एएनटीएफ और संबंधित जिला पुलिस की टीमों को विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।उन्होंने आमजन से अपील की कि मादक पदार्थों की तस्करी या किसी भी अपराधी से संबंधित सूचना एएनटीएफ नियंत्रण कक्ष 0141-2502877 अथवा व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

newsinrajasthan
Author: newsinrajasthan

NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.

0
0

RELATED LATEST NEWS

7k Network

Top Headlines

12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया योग

योग मानव कल्याण का वैश्विक माध्यम:भजनलाल शर्मा  कर्म योग से जुड़कर योग बढ़ा रहा व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के विकास