Home » जयपुर » क्राइम » 912 नाकों पर पुलिस का शिकंजा, अपराधियों में मचा हड़कंप!

912 नाकों पर पुलिस का शिकंजा, अपराधियों में मचा हड़कंप!

राजस्थान में एक दिन में चला सबसे बड़ा चेकिंग अभियान; 61 हजार गाड़ियां खंगालीं, 252 बदमाश-संदिग्ध दबोचे

न्यूज इन राजस्थान सुनील शर्मा
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश के बाद राजस्थान पुलिस ने अपराधियों और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ ऐसा मोर्चा खोला कि पूरे प्रदेश में खलबली मच गई। गुरुवार को पुलिस ने एक साथ पूरे राज्य में 912 नाकों पर घेराबंदी कर ‘ऑपरेशन वज्र’ चलाया। दिनभर चले इस अभियान में 61 हजार 909 वाहनों की तलाशी ली गई और 13 हजार 761 वाहन चालकों पर कार्रवाई का डंडा चला।

अभियान के दौरान पुलिस ने 252 से ज्यादा अपराधियों और संदिग्धों को पकड़कर बड़ी सफलता हासिल की। कहीं हथियार मिले, कहीं अफीम-गांजा और अवैध शराब, तो कहीं संदिग्ध नकदी बरामद हुई।

*सड़कों पर ‘नो टॉलरेंस’, नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं*

पुलिस ने यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर भी जमकर कार्रवाई की। बिना हेलमेट बाइक दौड़ाने वाले 4,554 लोगों पर शिकंजा कसा गया। बिना सीट बेल्ट कार चलाने वाले 1,192 चालकों के खिलाफ कार्रवाई हुई।

नशे में वाहन चलाने वाले 334 लोग पकड़े गए, जबकि काली फिल्म लगाने वाले 1,428 वाहन चालक पुलिस के निशाने पर आए। गलत नंबर प्लेट वाले 1,557 वाहन और वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने वाले 137 चालक भी कार्रवाई से नहीं बच सके।

*अपराधियों की तलाश में रात-दिन जुटी पुलिस*

इस महाअभियान में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ भी बड़ा ऑपरेशन चलाया। अलग-अलग मामलों में 83 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 169 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने 23 वाहनों को जब्त किया। आर्म्स एक्ट, आबकारी और एनडीपीएस एक्ट के तहत भी कई मामले दर्ज किए गए।

*जयपुर रेंज का सबसे बड़ा वार, हथियार और नशे का सामान बरामद*

जयपुर रेंज में पुलिस ने सबसे प्रभावी कार्रवाई करते हुए 142 ग्राम अफीम, 194 लीटर देशी शराब, 10 लीटर हथकढ़ शराब, 97 हजार रुपये संदिग्ध नकदी, एक स्विफ्ट कार, पिस्तौल, देशी कट्टा और डेक मशीन मय स्पीकर जब्त किए।

कोटा रेंज में पुलिस को 2.954 किलो गांजा और धारदार हथियार मिले, वहीं भरतपुर रेंज में 210 पव्वे देशी शराब जब्त कर आबकारी एक्ट में मामले दर्ज किए गए।

*जयपुर रेंज फिर अव्वल*

रेंजवार कार्रवाई में जयपुर रेंज सबसे आगे रहा। यहां 150 स्थानों पर नाकाबंदी कर 2,225 कार्रवाई की गईं। भरतपुर रेंज में 2,188, जयपुर कमिश्नरेट में 2,041 और जोधपुर रेंज में 1,759 कार्रवाई हुईं।

गिरफ्तारी के मामले में जोधपुर रेंज सबसे आगे रहा, जहां 52 लोगों को पुलिस ने पकड़ा, जबकि बीकानेर रेंज में 41 लोगों पर कार्रवाई हुई।

*डीजीपी का साफ संदेश- अपराधियों को नहीं मिलेगी राहत*

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि अपराधियों, अवैध गतिविधियों और यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस अधिकारियों को नियमित नाकाबंदी और सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं।

*राजस्थान पुलिस का संदेश साफ है—कानून तोड़ोगे तो कार्रवाई तय है।*

newsinrajasthan
Author: newsinrajasthan

NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.

0
0

RELATED LATEST NEWS

7k Network

Top Headlines