Home » राजस्थान » घूंघट से उद्यम तक… गांव की बेटियों ने लिखी कामयाबी की नई कहानी राजीविका ने बदली तस्वीर

घूंघट से उद्यम तक… गांव की बेटियों ने लिखी कामयाबी की नई कहानी राजीविका ने बदली तस्वीर

अब महिलाएं चला रहीं कारोबार और संभाल रहीं परिवार की कमान

डेगाना के तिलानेश में मुख्यमंत्री की ग्राम विकास चौपाल, महिलाओं ने बताई आत्मनिर्भरता की गाथा

न्यूज इन राजस्थान सुनील शर्मा
जयपुर। कभी घर की चारदीवारी तक सीमित रहने वाली महिलाएं अब गांव की अर्थव्यवस्था की नई ताकत बन रही हैं। हाथों में हुनर, आंखों में आत्मविश्वास और कदमों में आत्मनिर्भरता का जज्बा लेकर महिलाएं अपनी ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार की तकदीर बदल रही हैं। राजीविका और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने ग्रामीण महिलाओं को रोजगार, सम्मान और पहचान का नया रास्ता दिया है।

डेगाना के तिलानेश गांव में आयोजित ग्राम विकास चौपाल में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महिलाओं से सीधा संवाद कर उनकी सफलता की कहानियां सुनीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला शक्ति का सशक्तीकरण ही विकसित भारत की मजबूत नींव है। आर्थिक मजबूती के साथ महिलाओं की सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है।

*सिलाई से शुरू हुआ सफर, बनीं लखपति दीदी*

चौपाल में नीरू सोलंकी ने बताया कि कभी परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। राजीविका से जुड़ने के बाद सिलाई का काम शुरू किया और आगे बढ़ते हुए कलस्टर मैनेजर की जिम्मेदारी संभाली। आज उनकी वार्षिक आय करीब सवा लाख रुपये है।

उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना ने उन्हें आर्थिक मजबूती के साथ समाज में नई पहचान दिलाई है।

*छोटे व्यवसाय से ढाई लाख की कमाई तक*

अनिता गौड़ ने अपनी कहानी बताते हुए कहा कि पति की कम आय के कारण परिवार चलाना चुनौती था। राजीविका से जुड़ने के बाद छोटे व्यवसाय की शुरुआत की। धीरे-धीरे मेहनत रंग लाई और आज परिवार की सालाना आय करीब ढाई लाख रुपये तक पहुंच गई है।

*पशुपालन और सिलाई ने बनाया आत्मनिर्भर*

कमला, जो पशु सखी के रूप में काम कर रही हैं, ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद उन्होंने पशुपालन और सिलाई को रोजगार का माध्यम बनाया। चार भैंसों और इलेक्ट्रॉनिक सिलाई मशीन के सहारे आज वह हर महीने करीब 40 हजार रुपये कमा रही हैं। उनका कहना है कि अब वह अपने फैसले खुद लेने में सक्षम हैं।

*महिला समूह बने गांव के रोजगार केंद्र*

उद्यमी माया ने बताया कि पहले स्वयं सहायता समूह किराए के भवन से चलता था, लेकिन सरकारी सहयोग से अब समूह का अपना भवन है। यहां 30 से 40 महिलाएं जूट के बैग, खिलौने और अन्य उत्पाद तैयार कर रही हैं। समूह की मासिक आय करीब ढाई लाख रुपये तक पहुंच गई है।

*योजनाओं ने दिया सहारा, बदली जिंदगी*

राधा देवी ने बताया कि सरकारी योजनाओं से उन्हें आवास और गैस जैसी सुविधाएं मिलीं। राजीविका से जुड़कर उन्होंने प्लास्टर को-ऑर्डिनेटर के रूप में काम शुरू किया और अब गांव में बर्तन बैंक संचालित कर रही हैं। स्वयं सहायता समूह से मिले ऋण ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद की।

*शौचालय से सम्मान, उज्ज्वला से राहत*

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर-घर शौचालय निर्माण से महिलाओं के सम्मान और गरिमा की रक्षा हुई है। उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाकर स्वास्थ्य में सुधार किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना में भी महिलाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना, राजीविका, डेयरी अनुदान और अन्य योजनाओं के जरिए महिलाओं को रोजगार और उद्यमिता से जोड़ा जा रहा है।

*अब संसद और विधानसभा में बढ़ेगी भागीदारी*

मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इससे निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की भूमिका और प्रभावी होगी।

चौपाल के दौरान राजीविका से जुड़ी महिलाओं ने अपने हाथों से तैयार किए उत्पाद मुख्यमंत्री को भेंट किए। महिलाओं ने योजनाओं से जीवन में आए सकारात्मक बदलाव के लिए सरकार का आभार जताया।

newsinrajasthan
Author: newsinrajasthan

NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.

0
0

RELATED LATEST NEWS

Top Headlines