Home » राजस्थान » महिला सशक्तिकरण एवं स्वच्छता की दिशा में जिला परिषद जयपुर की अभिनव पहल

महिला सशक्तिकरण एवं स्वच्छता की दिशा में जिला परिषद जयपुर की अभिनव पहल

आरआरआर सेंटर ‘शक्ति संगम’ बना पुनर्चक्रण, सामाजिक सहयोग और महिला आत्मनिर्भरता का मॉडल

न्यूज इन राजस्थान सुनील शर्मा
जयपुर। जिला परिषद जयपुर द्वारा महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अभिनव पहल करते हुए आरआरआर (रिड्यूस, रियूज, रिसाइकिल) सेंटर “शक्ति संगम” के माध्यम से पुनर्चक्रण एवं सामाजिक सहयोग का प्रभावी मॉडल विकसित किया गया है। इस पहल के जरिए अनुपयोगी वस्तुओं को उपयोगी बनाकर जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ महिलाओं को रोजगार एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ा जा रहा है।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद जयपुर प्रतिभा वर्मा ने बताया कि इस पहल के तहत जयपुर जिले की पंचायत समिति जोबनेर की ग्राम पंचायत खेजड़ावास में 14 मार्च 2026 को आरआरआर सेंटर की स्थापना की गई थी। यहां महिलाएं पुराने कपड़े, खिलौने, पुस्तकें एवं अन्य अनुपयोगी सामग्री से आकर्षक एवं उपयोगी वस्तुएं तैयार कर आय अर्जित कर रही हैं। इस नवाचार को स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की निदेशक सलोनी खेमका द्वारा राज्यभर में पहचान दिलाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि 17 जुलाई 2026 को जिला स्तर पर अनुपयोगी वस्तुओं के संग्रहण के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत जिला परिषद परिसर में डोनेशन बॉक्स स्थापित कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने घरों में उपलब्ध पुराने कपड़े, खिलौने, पुस्तकें, जूते तथा अन्य उपयोगी सामग्री जमा कराने का आह्वान किया गया। संग्रहित सामग्री को उपयोग योग्य बनाकर प्रतिदिन जरूरतमंद एवं गरीब लोगों में वितरित किया जाएगा तथा उससे उपयोगी एवं कलात्मक वस्तुओं का निर्माण भी किया जाएगा।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि जिला परिषद जयपुर एवं “शक्ति संगम” के संयुक्त प्रयास से यह पहल स्वच्छता, पुनर्चक्रण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बन रही है। इससे न केवल जरूरतमंद लोगों को उपयोगी सामग्री उपलब्ध होगी, बल्कि सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग में भी कमी आएगी तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि यह नवाचार स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के उद्देश्यों को साकार करने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण, महिला उत्थान एवं समाज के कमजोर वर्गों के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

newsinrajasthan
Author: newsinrajasthan

NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.

0
0

RELATED LATEST NEWS

infoverse academy

Top Headlines