नई दिल्ली/जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजीव गांधी ने करीब चार दशक पहले जिस आधुनिक, तकनीक आधारित और युवाओं की भागीदारी वाले भारत का सपना देखा था, आज देश उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को लोकतंत्र में भागीदारी देने से लेकर तकनीक, पर्यावरण संरक्षण और सत्ता के विकेंद्रीकरण तक राजीव गांधी की सोच अपने समय से कहीं आगे थी।
नई दिल्ली स्थित जवाहर भवन में राजीव गांधी स्टडी सर्किल (RGSC) एवं राजीव गांधी फाउंडेशन (RGF) की ओर से आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन ‘हरा भरा स्वराज : Rise & Act’ को संबोधित करते हुए गहलोत ने सम्मेलन में देशभर से पहुंचे युवाओं का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में करीब 524 पंजीकरण, 107 केस स्टडी और 21 राज्यों की 76 यूनिवर्सिटियों के छात्रों की भागीदारी हुई है।
18 साल के युवाओं को वोट का अधिकार ऐतिहासिक कदम
गहलोत ने राजीव गांधी के साथ अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें राजीव गांधी के साथ राज्य मंत्री के रूप में काम करने का अवसर मिला और उन्होंने उन्हें बेहद करीब से देखा। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की युवाओं के प्रति प्रतिबद्धता और दूरदृष्टि का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि करीब 40 साल पहले उन्होंने 18 वर्ष के युवाओं को मतदान का अधिकार देने का फैसला किया।
उन्होंने कहा कि उस समय इस निर्णय का विरोध हुआ, लेकिन राजीव गांधी का मानना था कि लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी बढ़नी चाहिए। पंचायतों और नगर निकायों में महिलाओं को आरक्षण देने तथा सत्ता के विकेंद्रीकरण की दिशा में किए गए प्रयास भी उनकी दूरदृष्टि का हिस्सा थे।
कंप्यूटर का विरोध करने वालों को समय ने दिया जवाब
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीव गांधी ने उस समय 21वीं सदी के भारत की कल्पना की, जब कई लोग कंप्यूटर और तकनीक के आने को लेकर आशंकित थे। उन्होंने कहा कि आज कंप्यूटर, इंटरनेट और AI के बिना जीवन की कल्पना करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की तकनीकी सोच का परिणाम आज के डिजिटल भारत में दिखाई देता है।
इंदिरा गांधी ने 1972 में दुनिया को पर्यावरण संकट से चेताया
गहलोत ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के पर्यावरण संरक्षण संबंधी योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 1972 में स्टॉकहोम सम्मेलन में इंदिरा गांधी ने दुनिया का ध्यान पर्यावरणीय संकट की ओर आकर्षित किया था। उस समय जिस जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण के खतरे की ओर उन्होंने संकेत किया था, वह आज पूरी दुनिया के सामने गंभीर चुनौती बन चुका है।
उन्होंने यूरोप में नदियों के सूखने और बढ़ते तापमान का उल्लेख करते हुए कहा कि पर्यावरण संकट अब किसी एक देश की समस्या नहीं रह गया है।
पर्यावरण संरक्षण के लिए कानूनों और नीतियों का उल्लेख
गहलोत ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों ने महत्वपूर्ण कानून और नीतियां बनाईं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण कानून, बड़े प्रोजेक्टों से पहले पर्यावरणीय प्रभाव के आकलन और जल संरक्षण से जुड़ी नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन व्यवस्थाओं ने पर्यावरण और विकास के बीच संतुलन बनाने का आधार तैयार किया।
उन्होंने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण तथा आदिवासी समुदायों के वन अधिकारों को भी महत्वपूर्ण बताया।
ग्रेट निकोबार से लेकर अरावली तक उठाए पर्यावरणीय सवाल
अशोक गहलोत ने ग्रेट निकोबार में प्रस्तावित विकास गतिविधियों का उल्लेख करते हुए पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने वर्ष 1986 में ही आइलैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाकर द्वीपों के सुनियोजित विकास और संरक्षण की दूरदृष्टि दिखाई थी।
अरावली के मुद्दे पर गहलोत ने कहा कि अरावली को लेकर जनआंदोलन खड़ा हुआ और मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। उन्होंने अरावली को राजस्थान ही नहीं, बल्कि पूरे देश के पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इसके संरक्षण की जरूरत पर जोर दिया।
युवाओं को रचनात्मक राजनीति और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने पर जोर
गहलोत ने कहा कि राजीव गांधी स्टडी सर्किल की स्थापना सोनिया गांधी की प्रेरणा से हुई और आज देश के अधिकांश राज्यों में इसकी इकाइयां काम कर रही हैं। RGSC और RGF मिलकर लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं, जिनके माध्यम से युवाओं को रचनात्मक कार्यों के लिए मंच मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘हरा भरा स्वराज : Rise & Act’ का उद्देश्य केवल पर्यावरण पर चर्चा करना नहीं, बल्कि युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है। गहलोत ने सम्मेलन में शामिल युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ी को जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए नेतृत्वकारी भूमिका निभानी होगी।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.






