Home » राजस्थान » नशा मुक्त राजस्थान-2029’ के संकल्प में एएनटीएफ का एक और प्रहार,बाड़मेर में जमीन के नीचे छिपी अफीम की बड़ी खेप बरामद

नशा मुक्त राजस्थान-2029’ के संकल्प में एएनटीएफ का एक और प्रहार,बाड़मेर में जमीन के नीचे छिपी अफीम की बड़ी खेप बरामद

जयपुर। ‘नशा मुक्त राजस्थान-2029’ के संकल्प को साकार करने के लिए मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ एएनटीएफ का अभियान लगातार तेज हो रहा है। बाड़मेर में एएनटीएफ ने दो दिन के भीतर लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए जमीन में गड्ढा खोदकर बैर के पेड़ के नीचे छिपाकर रखी गई 7.186 किलोग्राम अफीम का दूध और 1.016 किलोग्राम विनिर्मित अफीम बरामद की है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

महानिरीक्षक पुलिस एएनटीएफ विकास कुमार ने बताया कि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा एवं अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्री दिनेश एमएन के मार्गदर्शन और निर्देशन में मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बाड़मेर जिले के बाड़मेर ग्रामीण थाना क्षेत्र में एएनटीएफ ने यह कार्रवाई की।

पहले गड्ढे में छिपाई खेप पकड़ी, अब बैर के पेड़ के नीचे मिला नशा

आईजी विकास कुमार ने बताया कि एएनटीएफ ने बाड़मेर में दो दिन पूर्व भी जमीन में गड्ढे खोदकर छिपाई गई अफीम, विनिर्मित अफीम और डोडा-चूरा की बड़ी खेप बरामद की थी। इसके बाद टीम ने बाड़मेर में तस्करों के उन ठिकानों पर भी नजर बढ़ाई, जहां मादक पदार्थों को पुलिस से बचाने के लिए जमीन के नीचे छिपाकर रखा जाता है।इसी क्रम में एएनटीएफ को सूचना मिली कि जुनेजा मेहरों की बस्ती, हरियाली ग्राम पंचायत भाड़खा में मोडाराम पुत्र मुलाराम अपने घर और खेत में अवैध मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त करता है तथा भारी मात्रा में मादक पदार्थ छिपाकर रखे हुए है।

टीम को देखकर घबराया, खेत में गड्ढा खोदा तो खुल गया राज

पुख्ता सूचना के आधार पर एएनटीएफ टीम मोडाराम के घर के पास पहुंची। वहां खेत में एक व्यक्ति खड़ा दिखाई दिया, जो पुलिस टीम को देखकर घबरा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मोडाराम पुत्र मुलाराम प्रजापत बताया, लेकिन घबराने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बता पाया।एएनटीएफ टीम ने स्थानीय पुलिस से संपर्क कर सूचना साझा की और पुलिस को मौके पर बुलाया। इसके बाद एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से घर एवं खेत की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैर के पेड़ के नीचे जमीन में गड्ढा खोदकर छिपाई गई अफीम और विनिर्मित अफीम बरामद हुई।

मिट्टी के नीचे छिपा रखा था नशे का जखीरा

आरोपी ने मादक पदार्थ को घर में रखने के बजाय खेत में बैर के पेड़ के नीचे गड्ढा खोदकर छिपा रखा था और उसके ऊपर मिट्टी डाल दी थी। उसे उम्मीद थी कि जमीन के नीचे छिपाने से यह खेप पुलिस की नजर से बच जाएगी, लेकिन एएनटीएफ के मजबूत सूचना तंत्र और सतर्कता के चलते उसका यह तरीका काम नहीं आया।

अब जमीन के नीचे भी सुरक्षित नहीं तस्करों का नशा

आईजी कुमार ने कहा कि मादक पदार्थ तस्कर पुलिस और जांच एजेंसियों से बचने के लिए लगातार नए तरीके अपना रहे हैं। अब तस्कर मादक पदार्थों को घरों के अलावा खेतों, सुनसान स्थानों और जमीन के अंदर छिपाने का प्रयास कर रहे हैं। एएनटीएफ ऐसे तरीकों की पहचान कर अपनी कार्रवाई उसी के अनुरूप आगे बढ़ा रही है।उन्होंने कहा कि एएनटीएफ की कार्रवाई अब केवल सड़क पर पकड़ी जाने वाली खेप तक सीमित नहीं है, बल्कि मादक पदार्थों को छिपाने वाले ठिकानों और उनके पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क तक पहुंचने पर भी जोर दिया जा रहा है। तस्कर नशे को जमीन के नीचे भी छिपाएंगे तो एएनटीएफ की नजर से बच नहीं पाएंगे।इस कार्रवाई में एएनटीएफ टीम और थाना बाड़मेर ग्रामीण पुलिस की विशेष भूमिका रही।

एएनटीएफ टीम को मिलेगा सम्मान

महानिरीक्षक पुलिस एएनटीएफ विकास कुमार ने बताया कि कार्रवाई में शामिल सभी टीमों को विशेष कार्यक्रम के दौरान एएनटीएफ मुख्यालय में सम्मानित किया जाएगा।
आमजन से अपील-नशे के खिलाफ सूचना दें
एएनटीएफ ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी अथवा किसी अपराधी से संबंधित कोई भी सूचना तत्काल एएनटीएफ को दें। सूचना एएनटीएफ नियंत्रण कक्ष 0141-2502877 तथा व्हाट्सऐप नंबर 9261225056 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की गोपनीयता का पूर्ण ध्यान रखा जाएगा।

newsinrajasthan
Author: newsinrajasthan

NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.

0
0

RELATED LATEST NEWS

infoverse academy

Top Headlines

निकाय चुनाव में भाजपा बड़े बहुमत की ओर, जनता ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने को तैयार:मदन राठौड़

जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रदेश में हो रहे निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी बड़े