डीग। आगामी नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के सफल, सुगम एवं निष्पक्ष संपादन के दृष्टिगत जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) मयंक मनीष ने सोमवार को कलेक्ट्रेट कक्ष से वीसी के माध्यम से जिले के सभी रिटर्निंग अधिकारियों एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। इस दौरान वीसी कक्ष में डीग रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम) अमित कुमार मीना एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी तहसीलदार छोटेलाल प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष योग्यजन एवं वरिष्ठ मतदाताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर दिव्यांग मतदाताओं के सहयोग के लिए तैनात किए जाने वाले स्काउट एवं गाइड्स को पहले से विधिवत प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि दिव्यांग मतदाताओं को घर से मतदान केंद्र तक लाने व ले जाने हेतु अधिकृत विशेष वाहनों तथा उनके प्रभारियों के मोबाइल नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर कोई भी पात्र मतदाता इस सुविधा से वंचित न रहे।उन्होंने रिटर्निंग अधिकारियों को पोलिंग पार्टियों के रवानगी स्थलों पर सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेटों द्वारा बूथ निरीक्षण के दौरान दिए गए फीडबैक की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन मतदान केंद्रों पर कमियां पाई गई हैं, वहां तत्काल पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, मजबूत रैंप, पर्याप्त फर्नीचर, वोटर हेल्पडेस्क तथा जहां आवश्यकता हो वहां तत्काल मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मतदान दलों की रवानगी से लेकर मतदान समाप्ति तक पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार त्रुटिरहित रहनी चाहिए।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.




