जयपुर। भवानीमंडी कस्बे में रात के समय मुंह बांधकर युवक पर लाठी-डंडों और सरियों से जानलेवा हमला करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।भवानीमंडी थाना पुलिस ने सुपारी देकर हमला करवाने वाले कथित मास्टरमाइंड एनडीपीएस तस्कर इमरान और थाना भवानीमंडी के हिस्ट्रीशीटर रेहान उर्फ सुक्खा सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हमला आपसी रंजिश के चलते करवाया गया था।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि वांछित एवं आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।इसी क्रम में भवानीमंडी में हुई जानलेवा हमले की गंभीर घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी भवानीमंडी सत्यनारायण गोदारा के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
चाय की दुकान पर बैठे युवक पर अचानक टूट पड़े थे बदमाश
घटना के बारे में 28 अगस्त को अजहरूद्दीन पुत्र शहीदउद्दीन निवासी भवानीमंडी ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दी थी। उसने बताया कि वह अपने जीजाजी कलीम भाई और इस्लाम चौधरी के साथ शंकर चाय की दुकान पर चाय पी रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन-चार अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे और उसके साथ लोहे के पाइप व सरियों से मारपीट कर दी।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल के आसपास से तकनीकी साक्ष्य जुटाए, वारदात के दौरान आरोपियों के आने-जाने वाले रास्तों का रूट मैप तैयार किया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस के अनुसार तकनीकी साक्ष्यों, आसूचना संकलन और मनोवैज्ञानिक तरीके से किए गए अनुसंधान के आधार पर हमले के पीछे सुपारी दिए जाने का खुलासा हुआ।
इमरान ने रेहान को दी सुपारी, पांच आरोपी गिरफ्त में
आपसी रंजिश के चलते इमरान खान ने हिस्ट्रीशीटर रेहान उर्फ सुक्खा को सुपारी देकर अजहरूद्दीन पर जानलेवा हमला करवाया। पुलिस ने मामले में इमरान खान पुत्र चांद खां (36), रेहान उर्फ सुक्खा पुत्र अनवर खान (21), चेतन पुत्र पिरूलाल मेघवाल (20), सुनील पुत्र सुल्तान मेघवाल (19) और सलमान उर्फ कंटी पुत्र शकील खान (20) निवासी भवानी मंडी को गिरफ्तार किया है।मुख्य आरोपी इमरान थाना पगारिया में दर्ज एनडीपीएस प्रकरण में भी वांछित चल रहा था। हमले में शामिल भोला उर्फ नितांशु सोनी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल की भी तलाश कर रही है।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
मास्टरमाइंड तस्कर इमरान खान के खिलाफ भवानीमंडी, गुमानपुरा (कोटा), सुनेल, रामगंजमंडी और रतलाम (मप्र) में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और अपहरण सहित कुल 8 संगीन आपराधिक मामले, हिस्ट्रीशीटर रेहान उर्फ सुक्खा के विरुद्ध भवानीमंडी व अकलेरा थाने में लूट, नकबजनी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के 5 मामले पंजीकृत हैं।इसी प्रकार आरोपी सुनील पर चोरी के 2 तथा सलमान पर कोटा के मोडक थाने में 1 आपराधिक मामला दर्ज है।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.




