जयपुर(सुनील शर्मा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में माननीय मुख्यमंत्री, राजस्थान भजन लाल शर्मा द्वारा आधुनिक और तेज विकास एवं शहर के विकास और जीवन की गुणवत्ता को बढाने की दिशा में विभिन्न विकास कार्य किये जा रहे है।
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी द्वारा 15 मार्च 2024 को 167 करोड रूपये की लागत से निर्मित राव शेखाजी आर.ओ.बी.,झोटवाड़ा का लोकार्पण करेगी।साथ ही नगरीय विकास, स्वायत्त शासन एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा द्वारा 200 करोड रूपये की लागत से निर्मित 2 प्रोजेक्ट्स जवाहर सर्किल,जयपुर पर यातायात सुधारीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य बी-2 बाईपास जंक्शन पर यातायात सुधारीकरण कार्य के तहत फेज-ा,बी-2 बाईपास अण्डरपास का लोकार्पण करेंगे।
राव शेखाजी आर.ओ.बी.,झोटवाड़ा
परियोजना स्वीकृति मुख्यमंत्री राजस्थान द्वारा वर्ष 2016-17 के बजट में घोषणा की गई।परियोजना का शिलान्यास माननीय मुख्यमंत्री महोदया द्वारा दिनांक 02.07.2018 को किया गया।परियोजना के शिलान्यास समारोह में माननीय मुख्यमंत्री महोदया द्वारा आर.ओ.बी. का नामकरण ‘राव शेखाजी’ के नाम पर करने की उद्घोषणा की गयी।सक्षम स्वीकृति उपरान्त आर.ओ.बी. नाम ‘‘राव शेखाजी आर.ओ.बी.किया गया। उक्त परियोजना की कुल लागत 166.73 करोड़ रूपये है।राव शेखाजी आर.ओ.बी. झोटवाड़ा कालवाड़ रोड़ पर है,जो कि एक स्टेट हाईवे है और जयपुर को अनेक कस्बों से जोड़ता है। आर.ओ.बी.के निर्माण से झोटवाड़ा क्षेत्र के निवासियों को सुगम यातायात की सुविधा उपलब्ध होगी एवं वर्तमान में यातायात जाम के कारण होने वाली असुविधा से राहत मिलेगी।नवीन आर.ओ.बी.को कालवाड़ से जयपुर शहर की तरफ जाने वाले यातायात द्वारा उपयोग में लाया जायेगा और पुराने आर.ओ.बी.जिसे वर्तमान में दो तरफा यातायात हेतु उपयोग में लाया जा रहा है के मीडियन को हटाकर इसे 3 लेन का किया जायेगा एवं जयपुर शहर से कालवाड़ की तरफ जाने वाले एक तरफा यातायात हेतु उपयोग में लाया जायेगा।राव शेखाजी आर.ओ.बी.का निर्माण झोटवाड़ा पंचायत भवन से अम्बाबाड़ी जंक्शन तक किया गया है।परियोजना की कुल लम्बाई 2.45 किलोमीटर है एवं ब्रिज की चौड़ाई 3 लेन वाले स्थान पर 10.50 मीटर, 2 लेन वाले स्थान पर 7.50 मीटर और 1.5 लेन वाले स्थान पर 5.50 मीटर है।फेज-ा में निवारु टी-जंक्शन से अम्बाबाड़ी तक का कार्य पूर्ण हो चुका है,जिसकी कुल लम्बाई 1.54 किलोमीटर है।यातायात की समस्या के समाधान हेतु एवं परियोजना के शेष कार्य को पूर्ण करने हेतु पुल के इस भाग को यातायात संचालन हेतु दिनांक 05.10.2023 को आमजन हेतु खोल दिया है। आर.ओ.बी. का शेष भाग पंचायत समिति से निवारु टी-जंक्शन तक जिसकी कुल लम्बाई 720 मीटर है, का कार्य पूर्ण किया गया है।खातीपुरा की तरफ से ब्रिज को जोडने हेतु 237 मीटर लम्बाई के ब्रिज का कार्य भी पूर्ण किया गया है।आर.ओ.बी.के निर्माण से लता सर्किल,राव शेखाजी सर्किल, अम्बाबाड़ी जंक्शन तथा खातीपुरा पर यातायात का दबाव कम होने से सुगम यातायात का संचालन होगा।
आर.ओ.बी.को खातीपुरा रोड से जोडा गया है,जिससे यातायात को लता सर्किल पर घूमकर आना नही पडेगा तथा लता सर्किल पर सदैव लगने वाले जाम से निजात मिलेगी।आर.ओ.बी. के निर्माण से इसके नीचे आने वाले सर्किल तथा जंक्शन सिग्नल फ्री हो जाने के कारण यातायात का सुगम संचालन होगा।आर.ओ.बी. के निर्माण से कालवाड़ रोड पर विकास को गति मिलेगी।यह एक अतिरिक्त पूर्व एवं पश्चिम कॉरीडोर के रूप मे कार्य करेगा, जिससे क्षेत्र के विकास को गति प्राप्त होगी।नवीन आर.ओ.बी.के निर्माण से लगभग 642 मकान/दुकान प्रभावित थीं जिनका पुनर्वास समझाइश के आधार पर पारस्परिक समझौते के अनुसार किया गया।पुनर्वास हेतु निवारु रोड़ पर ‘‘ज्योतिबा फूले रिटेल योजना’’ सृजित कर भूखण्ड आवंटित किये गये एवं हाथौज करधनी विस्तार योजना में आवासीय भूखण्ड़ों का आवंटन किया गया।राव शेखाजी आर.ओ.बी.का कार्य पंचायत समिति से अम्बाबाड़ी तक पूर्ण किया जा चुका है।जिसे सुगम यातायात हेतु जनता को समर्पित किया जाना है।आर.ओ.बी. के नीचे मिडियन मे वृक्षारोपण कर सौंदर्यीकरण का कार्य किया गया है। आर.ओ.बी.पर फसाड़ लाईटिंग का कार्य भी करवाया गया है जिससे की रात के समय यह ब्रिज भव्य दिखाई देता है।झोटवाड़ा क्षेत्र के करीब 05 लाख लोग इस परियोजना से लाभान्वित होगे।मुख्यमंत्री द्वारा दिये गये बजट घोषणा वर्ष 2021-22 मे 7 प्रमुख चौराहों पर जयपुर की पारम्परिक स्थापत्य कला एवं संस्कृति को प्रदर्शित करते हुये सौंदर्यीकरण एवं ट्रैफिक सिग्नल मुक्त किये जाने का निर्णय लिया गया।उक्त बजट घोषणा के अन्तर्गत जवाहर सर्किल पर यातायात सुधारीकरण एवं सौन्दर्यीकरण के कार्य को सम्मिलित किया गया है।जवाहर सर्किल जयपुर पर यातायात सुधारीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य परियोजना की कुल लागत रूपय 44.18 करोड़ है। परियोजना का शिलान्यास मुख्यमंत्री महोदय द्वारा दिनांक 18.12.2021 को किया गया।उक्त कार्य में जवाहर सर्किल पर यातायात सुधारीकरण हेतु ट्रैफिक सिग्नल हटाकर वाहनो के आवागमन हेतु दो प्रवेश एवं दो निकास द्वारो का निर्माण किया गया है एवं वाहनो के आवागमन एवं जवाहर सर्किल की भव्यता को बढाने के लिये ब्लैक कॉब्बल द्वारा 1.50 किलोमीटर लम्बाई एवं 7.50 मीटर चौड़ाई का ड्राईव-वे निर्मित किया गया है।दैनिक गतिविधियों एवं पर्यटन को ध्यान में रखते हुए जवाहर सर्किल की बाहरी परिधि पर 1.30 किलोमीटर लम्बाई व 1.80 मीटर चौड़ाई का समर्पित फुटपाथ एवं 1.15 किलोमीटर लम्बाई व 2.50 मीटर चौड़ाई का साईकिल ट्रैक निर्मित किया गया है।स्थानीय नागरिको हेतु दैनिक भ्रमण के लिए जवाहर सर्किल उद्यान के अन्दर 1.35 किलोमीटर लम्बाई व 3.40 मीटर चौड़ाई का रबराईज जॉगिंग ट्रैक निर्मित किया गया है।जवाहर सर्किल के मुख्य मार्ग से ट्रैफिक सिग्नल हटाये जाने के पश्चात् निर्बाध वाहनो के आवागमन होने से मुख्य मार्ग को पार करने के लिए पदयात्रियों एवं साईकिल सवार हेतु 02 सब-वे का निर्माण किया गया है।दोनो सब-वे का निर्माण राजस्थान की पारम्परिक स्थापत्य कला को प्रदर्शित करने हेतु जोधपुर पत्थर से किया गया है तथा पर्यटन की दृष्टि से प्रत्येक सब-वे में 10-10 दुकानो का निर्माण भी किया गया है। जयपुर की पारम्परिक स्थापत्य कला एवं संस्कृति को प्रदर्शित करने हेतु राजस्थानी सफेद मार्बल में जयपुर आने वाले पर्यटको के स्वागत हेतु एयरपोर्ट टर्मिनल-2 सड़क के सम्मुख 104 मीटर लम्बाई मे एवं 32 मीटर ऊॅचाई के मॉन्यूमेन्ट का निर्माण किया गया है।उक्त भव्य मॉन्यूमेन्ट 216 पीलरों पर खडा है जिसमे 42 झरोंखे, 62 कलश एवं 4 छतरियॉ स्थापित की गई है।इसके अतिरिक्त जवाहर सर्किल पर डेकोरेटिव पोल्स के साथ विद्युतीकरण,सुरक्षा हेतु आधुनिक स्तर के कैमरा सिस्टम तथा जवाहर सर्किल उद्यान में आने-जाने वाले यातायात पर दृष्टि रखने हेतु इन्टेलिजेन्ट ट्रांसपोर्ट सिस्टम की स्थापना की गई है।
परियोजना से लाभ इस परियोजना से जवाहर सर्किल पर लगभग प्रतिदिन 2.00 लाख वाहनों का निर्बाध रूप से संचालन हो पायेंगा।उद्यान में भ्रमण करने वाले नागरिको को सुरक्षित माहौल प्रदान होगा। परियोजना से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।बी-2 बाईपास जंक्शन पर यातायात सुधारीकरण के कार्य के तहत् फेज-ा में बी-2 बाईपास अण्डरपास –
परियोजना स्वीकृति जयपुर शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात जाम की समस्या को देखते हुये मुख्यमंत्री महोदय द्वारा बजट घोषणा वर्ष 2021-22 मे 7 प्रमुख चौराहों को ट्रैफिक सिग्नल मुक्त किये जाने का निर्णय लिया गया।इस कार्य के अन्तर्गत जयपुर शहर के मुख्य जंक्शन में बी-2 बाईपास जंक्शन को भी सम्मिलित किया गया है जिसमें जवाहर सर्किल से मानसरोवर की तरफ अण्डरपास एवं टोंक रोड पर बजरी मंडी एवं रामदास अग्रवाल तिराहे पर क्लोवर लीफ के निर्माण के साथ सड़क,फुटपाथ एवं विधुतीकरण का कार्य किया जा रहा है।

बी-2 बाईपास जंक्शन को सिग्नल फ्री किये जाने की परियोजना की कुल लागत रूपये 155.06 करोड़ है। परियोजना का शिलान्यास माननीय मुख्यमंत्री महोदय द्वारा दिनांक 18.12.2021 को किया गया।वर्तमान में परियोजना का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है एवं परियोजना पर राशि रू. 80.00 करोड़ का व्यय किया जा चुका है। फेज-प्रथम में जवाहर सर्किल से मानसरोवर की ओर अण्डरपास का कार्य पूर्ण हो चुका है।जवाहर सर्किल से मानसरोवर की ओर निर्मित चार लेन के अण्डरपास की कुल लम्बाई एवं चौड़ाई क्रमशः 550.00 मीटर एवं 22.50 मीटर है।अण्डरपास में सड़क के दोनो तरफ पदयात्रियों हेतु 2.40 मीटर चौड़ाई के फुटपाथ भी बनाये गये है। इस अण्डरपास के निर्माण से जवाहर सर्किल से मानसरोवर एवं मानसरोवर से जवाहर सर्किल की ओर जाने वाला यातायात निर्बाध रूप से जा सकेगा।इस परियोजना से बी-2 बाईपास चौराहे पर लगभग प्रतिदिन 1.50 से 2.00 लाख वाहनों का निर्बाध रूप से संचालन हो पायेंगा।






