Home » राजस्थान » ब्लड चढ़ाने के बाद बिगड़ी तीन गर्भवती महिलाओं की तबीयत:मृत बच्ची को जन्म देकर एक की मौत, दो जयपुर रेफर

ब्लड चढ़ाने के बाद बिगड़ी तीन गर्भवती महिलाओं की तबीयत:मृत बच्ची को जन्म देकर एक की मौत, दो जयपुर रेफर

नीमकाथाना के जिला अस्पताल में तीन गर्भवती महिलाओं को रविवार रात गलत ब्लड चढ़ा देने से उनकी तबियत खराब हो गई। जिसके बाद उन्हें जयपुर के जनाना अस्पताल रेफर कर दिया गया। इनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही चिकित्सा विभाग में हड़कंप मच गया। सीएमएचओ डॉ. भूपेंद्र सिंह और अस्पताल के पीएमओ डॉ. कमल सिंह शेखावत रविवार रात 9 बजे ब्लड बैंक पहुंचे और सारा रिकॉर्ड जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार नीमकाथाना जिला अस्पताल में शनिवार रात को तीन गर्भवती महिलाओं को लाया गया था। इनमें एक मैना देवी (25) पत्नी मनोज कुमार वर्मा निवासी बिहारीपुर, मधु पत्नी राकेश (20) निवासी खटाणा और गीता देवी पत्नी कैलाश (25) शामिल थी। अस्पताल में इनकी जांच के बाद डॉक्टर ने इनमें ब्लड की कमी बताई और परिजनों को ब्लड लाने के लिए कहा। जिला अस्पताल में इन तीनों के ही ग्रुप का ब्लड नहीं होने पर इनके परिजन शाहपुरा रोड स्थित सीता ब्लड बैंक से ब्लड लेकर आए। इसके बाद जिला अस्पताल में इन्हें ब्लड चढ़ाया गया, लेकिन थोड़ी देर बाद इनकी तबियत खराब हो गई। जिस पर तीनों को जयपुर रेफर कर दिया गया। जयपुर के जनाना अस्पताल में रविवार दोपहर मैना देवी ने मृत बच्ची को जन्म दिया और प्रसव के कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। जबकि शेष दोनों गर्भवती महिलाओं का जयपुर में इलाज किया जा रहा है।

सूचना के बाद हरकत में आया चिकित्सा विभाग
जयपुर में महिला की मौत के बाद परिजन रविवार देर रात शव को नीमकाथाना ले आए और सोमवार सवेरे अंतिम संस्कार कर दिया। इधर, सूचना के बाद सीएमएचओ डॉ. भूपेंद्र सिंह और अस्पताल के पीएमओ डॉ. कमल सिंह शेखावत हरकत में आए। विभाग ने जिला अस्पताल और ब्लड बैंक पहुंचकर पूरा रिकॉर्ड अपने कब्जे में ले लिया। मामले की जांच के लिए कमेटी का गठन किया गया है।
बड़ा सवाल : गलत ग्रुप चढ़ाया या ब्लड में खराबी
पूरे मामले में विभाग अभी तक किसी की जिम्मेदारी तय नहीं कर पाया है। विभाग यह भी नहीं बता रहा है कि प्रसुताओं को गलत ब्लड ग्रुप चढ़ाया गया या ब्लड में कोई खराबी थी। मैना देवी और मधु का ब्लड ग्रुप ए पॉजिटिव था जबकि गीता देवी का बी पॉजिटिव। जिला अस्पताल के अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल से तीनों महिलाओं के परिजनों को ब्लड की जो पर्ची दी गई थी, वे उसी का ब्लड ग्रुप लेकर आए थे और वही ब्लड ग्रुप चढ़ाया गया। तो फिर महिलाओं की तबियत कैसे बिगड़ी के सवाल पर उनका कहना था कि शायद ब्लड में कोई इंफेक्शन होगा, जिसकी जांच की जा रही है।
कार्यवाहक सीएमएचओ भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सीता ब्लड बैंक से जो ब्लड जारी किया गया है, उसमें रिएक्शन की समस्या आ रही है। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर ब्लड बैंक पहुंचे और रिकॉर्ड को सुरक्षित रखवाया गया है।

आंदोलन की चेतावनी
मामले में संवैधानिक मंच के संस्थापक गिगराज जोडली ने कहा कि गलत ब्लड देने के तीन मामले सामने आए हैं। जिसमें एक प्रसूता की मौत हो गई लेकिन अभी तक निजी ब्लड बैंक को प्रशासन ने सीज नहीं किया है। अगर इस ब्लड बैंक पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS

Top Headlines

एलपीजी गैस सिलेण्डरों की पर्याप्त उपलब्धता एवं निर्बाध आपूर्ति के लिए जिला प्रशासन सख्त:जितेंद्र कुमार सोनी

जिला कलक्टर डॉ.जितेन्द्र कुमार सोनी ने अधिकारियों को जारी किये दिशा निर्देश अवैध भंडारण,दुरुपयोग एवं कालाबाजारी पर सख्ती से अंकुश