गुजरात में छुटि्टयां मनाने गए राजस्थान के एक परिवार के 4 लोग रविवार को अरब सागर में डूब गए। सोमवार सुबह 10.45 बजे तक चले रेस्क्यू अभियान में मां और दो बेटों समेत चार लोगों के शव बरामद हो गए। समुद्र में कुल 7 लोग डूबे थे, इनमें से तीन को स्थानीय पुलिस और कोस्ट गार्ड ने बचा लिया था।
जानकारी के अनुसार- भीलवाड़ा में आसींद थाना इलाके के लाछूड़ा गांव निवासी गोपाल राजपूत (40) गुजरात के नवसारी जिले में रहकर दुकान चलाते हैं। उनका बड़ा बेटा युवराज (20) भीलवाड़ा के आसींद थाना इलाके के गांव लाछूड़ा में दादी व चाचा के पास रहता था। जबकि छोटा बेटा देशराज (18) पिता के साथ गुजरात में रहता था।
युवराज ने हाल में 12वीं की परीक्षा दी थी। इसके बाद वह छुट्टियां बिताने के लिए 15 दिन पहले अपनी फुफेरी बहन दुर्गा (17) निवासी दूधिया (आसींद, भीलवाड़ा) को लेकर गुजरात अपने पिता के पास गया था। रविवार को अवकाश के दिन गोपाल अपनी पत्नी सुशीला (35), दोनों बेटों युवराज, देशराज और भांजी दुर्गा को लेकर नवसारी के दांडी बीच पर पिकनिक मनाने गए थे।
दोपहर में समुद्र में ज्वार की ऊंची लहर में युवराज, देशराज, सुशीला, दुर्गा और तीन अन्य लोग बह गए। कोस्ट गार्ड ने तुरंत 3 लोगों को बचा लिया। गोपाल के दोनों बेटे, पत्नी और भांजी समुद्र में डूब गए।
आसींद (भीलवाड़ा) के लाछूडा सरपंच पति ताराचंद मेवाड़ा ने बताया- हमें रविवार शाम 6 बजे नवसारी पुलिस से सूचना मिली थी कि समुद्र में जाने से चार लोग लापता हो गए। वे लाछुड़ा और दूधिया के रहने वाले हैं। रात तक उनके शव नहीं मिले थे। सोमवार सुबह जल्दी रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। सुबह 4 बजे गोपाल सिंह की पत्नी सुशीला, सुबह 8 बजे देशराज, करीब 9 बजे बड़े बेटे युवराज और पौने 11 बजे भांजी दुर्गा के शव निकाले गए।
कोस्ट गार्ड ने समुद्र में डूबे दो अन्य परिवारों के विपुलभाई ईश्वरभाई हलपति, राकेश और आतिश नाम के तीन लोगों को बचा लिया था।
दांडी के पूर्व सरपंच परिमल पटेल से मिली जानकारी के अनुसार- अचानक समुद्र में हाई टाइड (ज्वार) आ गया। पर्यटकों को भागने का मौका नहीं मिला। हादसे का शिकार हुए सभी लोग तट के अंदर जाकर नहा रहे थे।
चार लोगों के डूबने के बाद बीच पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर तैराक इन्हें बचाने दौड़े। तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चला, लेकिन शव दूसरे दिन सुबह निकाले जा सके। फायर ब्रिगेड और स्थानीय तैराक रेस्क्यू टीम ने ऑपरेशन चलाकर शव बाहर निकाले। हादसे के बाद पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से अन्य पर्यटकों को समुद्र तट से हटा दिया है। सूचना मिलते ही नवसारी जिला कलेक्टर भी दांडी बीच पर पहुंच गए थे।
10 साल से गुजरात में रहता है व्यवसायी
ताराचंद मेवाड़ा ने बताया- गोपाल 10 साल से पत्नी और छोटे बेटे के साथ गुजरात के नवसारी जिले में रह रहा था। वह किराने का व्यवसायी है। बड़ा बेटा युवराज दादी गीता देवी व चाचाओं दिनेश और शंकर के साथ लाछूड़ा गांव में रहता था। गोपाल समुद्र से थोड़ा दूर था, इसलिए बच गया। शाम तक शवों को पैतृक गांव लाया जा सकता है। तीन शव लाछूड़ा और एक शव दूधिया लाया जाएगा। दादी गीता देवी ने बताया- युवराज बोलकर गया था कि गुजरात घूमने जा रहा हूं, वापस आकर बताउंगा कि वहां क्या-क्या किया। यह कहकर दादी फूट-फूटकर रोने लगी।






