जयपुर जिले के चाकसू क्षेत्र में NH-52 पर कोथून पुलिया के नीचे शनिवार सुबह 10 बजे बस से बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। वहीं एक बच्चा समेत महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल मां-बेटे को जयपुर रेफर किया गया है।
इधर, हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने कोथून चौराहे पर जाम लगा दिया। सूचना पर चाकसू पुलिस मौके पहुंची है और ग्रामीणों से बात कर दो घंटे बाद जाम को खुलवाया।

दो भाइयों की मौके पर ही मौत
ASI वीरेंद्र सिंह ने बताया- निजी बस सवारियां लेकर टोंक से जयपुर की तरफ जा रही थी। इस दौरान चाकसू के पास कोथून पुलिया के नीचे सवारी उतारने के लिए रुकी हुई थी। तभी लालसोट की तरफ आई बाइक खड़ी बस से टकरा गई।
हादसे में सगे भाई बद्री (25) और गणेश (25) पुत्र मोहन बावरिया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जमना (27) पत्नी नरेश, महेश (3) पुत्र नरेश बावरिया गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों गंभीर घायलों को चाकसू उप जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां से जयपुर रेफर कर दिया गया। सभी जयपुर के पास सांभर के रहने वाले हैं, जो मजदूरी करने के लिए कोथून आए थे। इस दौरान हादसा हो गया।
ग्रामीणों ने दो घंटे तक लगाया जाम
ASP सुरेंद्र सिंह ने बताया- बाइक सवाई दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि महिला के मामूली चोटें आई हैं और उसके बच्चे के सिर में गंभीर चोटें हैं। हादसे के बाद बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया। बस को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने जाम लगाकर सड़क को सही करवाने की मांग की। इस पर एनएचआई अधिकारियों को मौके पर बुलाकर मामले से अवगत कराया गया। करीब 12 बजे समझाइश के बाद जाम को खुलवा दिया गया है।






