गर्मी में छत पर बने कमरे में सोए एक ज्योतिषी की मौत हो गई। गुरुवार को वह अपने कमरे में सोया था। शुक्रवार को वह रुम से नहीं निकला। शुक्रवार शाम लोगों को बदबू आई तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा खोला तो शव से बदबू आ रही थी। शव को चूहे कुतर गए थे। मामला दौसा के मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र का है।
मेहंदीपुर थाना इंचार्ज गौरव प्रधान ने बताया- शुक्रवार रात सूचना मिली कि कस्बे में दुकानों के ऊपर बने छत के कमरे में किराए पर रहने वाले रिंकू (38) पुत्र राधेश्याम खंडेला के कमरे से बदबू आ रही है। रिंकू झुंझुनूं जिले के रहने वाला था। वह 2 साल से बालाजी मंदिर के पास रहकर पूजा-पाठ और ज्योतिष का काम करता था।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो छत के कमरे से बदबू आ रही थी। दरवाजा खोला तो चारपाई पर शव पड़ा था। शव नाक, गले व चेहरे के एक हिस्से को चूहे कुतर गए थे। मौके पर मौजूद आसपास के लोगों ने बताया कि रिंकू नशे का आदी था।
सम्भवतः वह नशा करने के बाद अपने कमरे में जाकर सो गया। गर्मी के कारण उसकी मौत हो गई। शव को कमरे से निकला एंबुलेंस से जिला अस्पताल (दौसा) की मॉर्च्युरी में रखवाया है।
पुलिस और एमओबी टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। फिलहाल पोस्टमॉर्टम के बाद रिंकू की मौत की सही वजह सामने आएगी। पुलिस ने प्रथम दृष्टया मौत गर्मी से होना माना है। मृतक के परिजनों को सूचना दी है। ऐसे में उनके यहां पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।






