जयपुर की होटल में एक दोस्त ने मिलने के बहाने बुलाकर युवती से रेप किया। आरोपी ने शादी का वादा कर मदद के बहाने 3.50 लाख रुपए ऐंठ लिए। अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर देहशोषण किया। पीड़िता ने आरोपी दोस्त के खिलाफ विद्याधर नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। मामले की जांच SHO (विद्याधर नगर) राकेश ख्यालिया कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि मुरलीपुरा निवासी 38 साल की युवती ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उसने बताया- अक्टूबर 2022 में प्राइवेट जॉब करने के दौरान उसकी सहेली ने गणेश से उसकी बातचीत करवाई थी। इसके बाद दोनों में फोन पर बात होने लगी और दोनों की दोस्ती हो गई। आरोपी गणेश ने बातचीत के कुछ समय बाद ही शादी का ऑफर किया। घरवालों की सहमति होने की बात कहकर उसे अपनी बातों में फांस लिया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने आर्थिक तंगी की बात कही और उधार 5 लाख रुपए की मांग की। विश्वास कर पीड़िता ने मदद के लिए 3.50 लाख रुपए आरोपी गणेश को उधार दिए। मार्च 2023 में एक प्रोग्राम में शामिल होने आरोपी गणेश जयपुर आकर एक होटल में रुका और उसे फोन कर मिलने के बहाने बुलाया। पीड़िता ने कहा- जब वह होटल में मिलने गई तो आरोपी ने नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाई। इसके बाद बेहोशी की हालत में उसके साथ रेप कर अश्लील वीडियो बना लिया। होश आने पर उसने विरोध किया तो शादी करने की बात कहकर चुप करवा दिया। उसके बाद अश्लील वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर देहशोषण करने लगा। ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पीड़िता ने विद्याधर नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।





