खबर हनुमानगढ़ के नोहर से हैं जहां शहर में बदहाल सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग को लेकर नागरिकों ने एसडीएम कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। इस दौरान नागरिकों ने एक ज्ञापन एसडीएम पंकज गढ़वाल को दिया। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि अगर समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो जल्द ही नगरपालिका की तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। नागरिक संघर्ष समिति के अध्यक्ष घनश्याम गुप्ता के नेतृत्व में दिए इस ज्ञापन में बताया गया है कि नोहर शहर में लंबे समय से सफाई व्यवस्था बदहाल है। शहर में जगह-जगह कूड़े कचरें व कीचड़ के ढेर लगे हुए हैं, तथा नालियां अवरुद्ध हो गई हैं। जिस कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने बताया की नगरपालिका को इस संबंध में बार-बार अवगत कराने के बाद भी ध्यान नहीं दे रही है, जबकि इससे पूर्व किए गए आंदोलन में नगरपालिका अध्यक्ष ने लिखित में आश्वासन दिया था कि जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा, लेकिन एक माह गुजर जाने के बाद भी समस्या जस की तस है। ज्ञापन में 10 दिनों में व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर नगर पालिका कार्यालय की तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है। प्रदर्शन करने वालों में विभिन्न वार्डों के अनेक नागरिक मौजूद रहे।






