नाबालिग के साथ यौन शोषण के आरोप में जोधपुर सेंट्रल जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा आसाराम आज उपचार के लिए मुंबई रवाना हुए, वहां से वह खपोली स्थित माधव बाग अस्पताल पहुंच कर अपना इलाज करवाएगा। बता दें कि आसाराम को 13 अगस्त को राजस्थान हाईकोर्ट ने सात दिन की पैरोल दी थी, पैरोल की अवधि अस्पताल में पहुंचने के समय से गिना जाएगा। ऐसे में आसाराम आज मुंबई के लिए रवाना होकर अस्पताल पहुंचेगा और आज से सात दिन तक आसाराम मुंबई में अपना इलाज करवाएगा। आसाराम के पहुंचने से पहले शिल्पी एयरपोर्ट पहुंच चुकी है।
आसाराम 2 बजकर 20 मिनट की इंडिगो फ्लाइट से मुंबई के लिए रवाना होंगे। उसके साथ जोधपुर पुलिस के जवान और दो अटेंडेंट भी साथ रहेंगे। पहले आसाराम के एयर एंबुलेंस से जाने की बात सामने आई थी, लेकिन अब वह रूटीन फ्लाइट से जाएगा। उसे एयरपोर्ट पर व्हील चेयर से सीधा फ्लाइट में बिठाया जाएगा ऐसे में फ्लाइट टाइम से एक घंटे पहले ही वह जेल से निकल कर एयरपोर्ट जाएगा।
जोधपुर जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे यौन शोषण के आरोपी आसाराम की ओर से कई बार पैरोल के लिए याचिकाएं लगाई गई, लेकिन पहली बार उपचार के लिए 13 अगस्त को न्यायाधीश पुष्पेद्र भाटी और न्यायाधीश मुन्नारी लक्ष्मण की खंडपीठ ने जोधपुर एम्स की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सात दिन की पैरोल दी गई। आसाराम की ओर से हमेशा यह दलील दी जाती रही है कि वह सिर्फ और सिर्फ आयुर्वेद उपचार करवाएगा, यही कारण है कि उसे इस बार सात दिन की पैरोल मिली है। महाराष्ट्र के खपोली स्थित माधव बाग अस्पताल में आसाराम के हार्ट का उपचार होगा।
उपचार के दौरान कोई नहीं मिल सकेगा
हाईकोर्ट के आदेश में साफ तौर से मेंशन किया गया है कि आसाराम से ईलाज के दौरान कोई मिल नहीं सकेगा। उसका डॉक्टर व उसकी सुविधा के अनुसार सहायक के अलावा कोई साथ नहीं रहेगा। और कोई भी व्यक्ति उपचार के दौरान उससे नहीं मिल सकेगा। आसाराम का जिस निजी कमरे में उपचार होगा, वहां पर 24 घंटे पुलिस का पहरा रहेगा। मीडिया को वहां इजाजत नहीं होगी। पैरोल के लिए आसाराम की ओर से व्यक्तिगत रूप से 50 हजार रुपए का बांड और 25-25 हजार के दो लोगों की जमानतें दी गई हैं। उपचार और आने-जाने के पूरा खर्च आसाराम ही उठाएगा।






