बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में मंगलवार को जयपुर के बड़ी चौपड़ पर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस विरोध प्रदर्शन में महामंडलेश्वर मनोहर दास महाराज, आचार्य विष्णु नागा, बसंतानंद महाराज, विधायक बालमुकुंद आचार्य, शनि धाम से रंधावा महाराज, सोमेंद्र महाराज, साधवी शिखा शिखर सहित बड़ी संख्या में साधु संत मौजूद रहे। प्रदर्शन में शामिल विधायक बालमुकुंदाचार्य ने कहा-कांग्रेस और विपक्षी पार्टियां सनातियों के साथ नहीं। उन्होंने कहा ये जिहाद नहीं चलेगा और इनका जवाब देने के लिए करोड़ों सनातनियों की सेना तैयार है।

विधायक बोले- जरूरत पड़ी तो हम बांग्लादेश भी जाएंगे
बालमुकुंद आचार्य बोले- हमारी इस्कॉन की संस्था शिक्षा का काम कर रही है। वहां पर जरूरतमंदों को भोजन और कपड़ों की सेवा का काम कर रही है। आज इस्कॉन जैसी संस्था और संतो को जिस तरीके से प्रताड़ित किया जा रहा है, वह बर्दाश्त से बाहर हो चुका है। आज प्रतिकार के रूप में हम लोग इक्ट्ठा हुए है और आगे जरूरत पड़ी तो हम अपनी बात जयपुर से दिल्ली तक पहुंचाएंगे। इतना ही नहीं जरूरत पड़ी तो हम बांग्लादेश भी जाएंगे।
वे बोले- बांग्लादेश के जिहादी लोग है जो ऐसा कृत्य कर रहे हैं, उनको हम यहां से चेतावनी देना चाहते है कि आज हजारों की संख्या में सनातनी है। ये जिहाद अब नहीं चलेगा। ये जिहादी किस्म के लोग अब बर्दाश्त नहीं होंगे। इस प्रकार की मानसिकता वाले लोग जो दूसरे लोगों को बर्दाश्त नहीं करते, इस प्रकार के लोग अब नहीं चलेंगे।
उन्होंने कहा-अब ये जिहादी लोग इस तरीके की हरकतें करना बंद कर दें, अन्यथा ये सभी सनातनी, भगवा हिंद की फौज तैयार खड़ी हो गई है खुद मुकाबला करने के लिए। आज हम लोग बड़ी चौपड़ पर सिर्फ एक सूचना के रूप में इकट्ठे हुए कि हम बांग्लादेश में रह रहे सनातनियों के साथ खड़े है। आगे जरूरत पड़ी तो हम बांग्लादेश की ओर भी बढ़ जाएंगे।
कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों पर साधा निशाना
बालमुकुंद आचार्य ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा- बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा है, लेकिन आज तक मैंने कांग्रेस और कांग्रेस के मित्र प्रवक्ता के मुंह से यह नहीं सुना कि बांग्लादेश में जो हो रहा है वो गलत हो रहा है। आज तक कांग्रेसियों ने यह नहीं कहा- बांग्लादेश में भाई-बहनों के साथ, सनातनियों के साथ और मंदिर मठों के साथ जो हुआ हे वो गलत हुआ है और वो भारत सरकार के साथ है। इनको तुष्टिकरण की राजनीति करनी है और वोट के लिए सिर्फ जीना है। यहां पर सारे सनातनी समझ गए हैं। भारत के संपूर्ण निवासी समझ गए हैं कि इस देश का विकास, उन्नति और तरक्की, इस देश का भगवा और तिरंगा किसके साथ है।
उन्होंने कहा- यह संदेश भी चला गया है कांग्रेस और विपक्षियों का, ये ममी बेटा, दीदी जिजाजी की पार्टी का और बाप बेटे की पार्टियों का। ये चार लोगों की पार्टियों का यह संदेश भी चला गया कि ये सनातनियों के साथ ना भारत में है, ना ये सनातनियों के साथ बांग्लादेश में है और ना सनातनियों के साथ पाकिस्तान में खड़े है।

ऐसा अत्याचार पूरी साजिश
महामंडलेश्वर मनोहर दास महाराज ने कहा- बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार विधर्मियों की पूरी साजिश है। लंबे समय से विधर्मी लोग इस तरीके की प्लानिंग करते आ रहे है। उन्होंने कहा- जिस बांग्लादेश को भारत ने मुक्त करके उनको खाना सिखाया, पीना सिखाया और जीना सिखाया। वो शरणार्थी, वह बांग्लादेशी लोग विधर्मी लोगों के साथ मिलक के ऐसा दुराचार, अन्याय और अत्याचार कर रहे है। ये भारत के कोई भी नागरिक नहीं बल्कि सनातनी और कोई भी व्यक्ति होगा वह यह सब बर्दाश्त नहीं कर पाएगा।
उन्होंने कहा यह मुहिम अभी जारी हुई है। यहां हम अभी यह संदेश दे रहे हैं कि हम यहां से इस मामले में मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम ज्ञापन देंगे। इसके अलावा इस मामले में कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के नाम भी ज्ञापन भेजा जाएगा। हालांकि ये लोग पर संज्ञान ले रहे है। चर्चाओं पर चर्चाएं चल रही हैं लेकिन साधु समाज सनातनियों की रक्षा के लिए चुप नहीं बैठने वाला है और बहुत बड़ी मुहिम लेकर यह संदेश पूरे विश्व में जाएगा। सनातनियों की रक्षा करना हम सब साधु समाज की ही जिम्मेदारी नहीं है, भारत में रहने वाले हर नागरिक को इसके लिए प्रयास करने चाहिए।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने भी चिन्मय कृष्ण दास की तत्काल रिहाई की मांग की है। संघ ने भारत सरकार से आह्वान किया है कि वो बांग्लादेश में हिंदू और अन्य सभी अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों को रोकने के प्रयासों को जारी रखें।





