राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इंवेस्टमेंट समिट का आयोजन 9 दिसंबर से 11 दिसंबर तक जयपुर में होगा। समिट की तैयारी पूरी कर ली गई है। समिट में कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ ही वीवीआईपी गेस्ट भी शामिल होंगे। दुनिया भर में बिजनेस करने वाले 30 से ज्यादा उद्योगपति समिट में आएंगे। इन बिजनेसमैन का भारत की अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान है।
ये सभी बड़े उद्योगपति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। सभी उद्योगपति की मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से निवेश पर बात होगी। वहीं, सुरक्षा में 11 आईपीएस अफसरों सहित 4 हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
समिट में 185 स्टेट गेस्ट शामिल होंगे इंवेस्टमेंट समिट में 185 स्टेट गेस्ट शामिल होंगे। इनमें निवेशक, बिजनेसमैन और राजदूत शामिल है। इनके ठहरने के लिए शहर के चार 5 स्टार होटल बुक किए गए हैं। समिट में स्टार्टअप कॉनक्लेव का आयोजन भी होगा।
देश के कुछ बड़े स्टार्टअप्स के फाउंडर्स भी इसमें शामिल होंगे। इनमें पेटीएम के फाउंडर विजय शेखर शर्मा, ओयो रूम्स के रितेश अग्रवाल, अपग्रेड के रोनी स्क्रूवाला, योरस्टोरी की श्रद्धा शर्मा, कार देखो के सीईओ अमित जैन और डाटा इंजीनियर ग्लोबल के अजय डाटा है। प्रदेश में स्टार्टअप पर काम कर रहे युवाओं के साथ इनका संवाद होगा। इसमें स्टार्टअप इंडस्ट्री के स्थानीय विशेषज्ञ भी शामिल होंगे।
6 देशों ने जताई सहमति स्विट्जरलैंड, मलेशिया, स्पेन, ब्राजील, वेनेजुएला सहित अन्य देश ने समिट में शामिल होने के लिए सहमति दी है। इनमें 13 देशों के राजदूत भी शामिल है, जो भारत में नियुक्त हैं। समिट में शामिल होने पर इन सभी 185 स्टेट गेस्ट के साथ एक-एक अधिकारी को प्रोटोकॉल में लगाया गया है। इस लिस्ट में और भी नाम जुड़ सकते हैं। सरकार की अब भी कई अन्य देशों से भी बातचीत चल रही है।
11 आईपीएस, 36 एडिशनल एसपी और 67 डीएसपी तैनात रहेंगे एडिशनल कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) रामेश्वर सिंह ने बताया- जेईसीसी कॉलेज परिसर में 9 दिसंबर को राइजिंग राजस्थान इंवेस्टमेंट समिट का आयोजन होगा। समिट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। समिट में देश-विदेश से कई मेहमान और उद्योगपति भी शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के जयपुर दौरे और समिट की सुरक्षा को लेकर चाक चौबंद इंतजाम किए गए हैं।
जेईसीसी परिसर को छावनी में तब्दील किया गया है। जयपुर शहर में सुरक्षा का जिम्मा 11 आईपीएस अफसरों सहित 4 हजार पुलिसकर्मियों को सौंपा गया है। पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। आयोजन के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था के लिए भी 2 आईपीएस समेत अन्य पुलिस अधिकारियों को कमान सौंपी गई है।
हर गतिविधियों पर रखी जा रही नजर आयोजन को लेकर जयपुर शहर में हर गतिविधि पर पुलिस टीमों की ओर से निगाह रखी जा रही है। अभय कमांड सेंटर के साथ माहौल बिगड़ने से बचाने के लिए सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है। सुरक्षा इंतजामों को देखते हुए पुलिस टीमों की ओर से होटल-गेस्ट हाउस के साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और टूरिस्ट प्लेस पर भी चैकिंग की जा रही है।
सुरक्षा के लिए 11 आईपीएस, 36 एडिशनल एसपी, 67 डीएसपी, 182 इंस्पेक्टर, 320 एसआई-एएसआई, 2750 पुलिस जवान और 4 कंपनी आरएसी की तैनाती की गई है। वहीं, ट्रैफिक व्यवस्था के लिए 2 आईपीएस सहित करीब 1200 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।






