पत्थरों से भरी ट्रॉली का ट्रैक्टर में जुड़ा हुक टूटने से हादसा हो गया। पीछे आ रही सेना की जिप्सी इसमें भिड़ गई। इससे सेना के तीन जवानों समेत ट्रैक्टर ड्राइवर घायल हो गया। चारों को इलाज के लिए जोधपुर रेफर किया गया है। मामला बालेसर से होकर गुजर रहे जोधपुर-जैसलमेर नेशनल हाईवे-125 का सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे का है।
बालेसर थानाधिकारी नरपतदान ने बताया- राहगीर की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे। हादसे में ट्रैक्टर ड्राइवर प्रहलाद (40) पुत्र थाना राम निवासी ढाढणिया गांव (बालेसर) और 3 सेना के जवान घायल हुए हैं। हुक टूटने के बाद ट्रैक्टर ड्राइवर भी झटका लगने के कारण सड़क पर गिर गया था। फिलहाल दोनों वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई की गई। रिपोर्ट के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पीछे से आकर भिड़ी सेना की जिप्सी
SHO नरपतदान ने बताया- ड्राइवर प्रह्लाद पत्थरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली बालेसर से आगोलाई की ओर लेकर जा रहा था। 38 मील (बालेसर) की सीमा में ट्रैक्टर को ट्रॉली से जोड़ने वाला हुक टूट अचानक टूट गया। ट्रॉली और ट्रैक्टर सड़क पर पलट गए। सड़क पर पत्थर बिखर गए। इस दौरान पीछे आ रही सेना की जिप्सी ट्रॉली में भिड़ गई। इससे सेना की जिप्सी आगे से डैमेज हो गई।

तीन जवानों समेत ड्राइवर को जोधपुर रेफर किया
SHO ने बताया- अचानक ट्रैक्टर के पलटने से ड्राइवर भी उछलकर नीचे गिरा था वह भी घायल हो गया। इसके बाद राहगीरों की मदद से तीन घायल जवानों और ट्रैक्टर ड्राइवर को बालेसर सीएचसी पहुंचाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया गया। घायलों के हाथ-पैरों में चोटें आईं हैं। सड़क पर पलटे दोनों वाहनों और पत्थरों को सड़क से हटाया गया है। इसके बाद यातायात को सुचारू किया गया।








