कार और स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई। महिला स्कूटी से सब्जी मंडी जा रही थी। कोटा बैराज की नई पुलिया पर कार ने टक्कर मार दी। शव को एमबीएस हॉस्पिटल की मॉच्यूरी में रखवाया गया है। हादसा कोटा शहर के कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र का है।
कुन्हाड़ी थाना ASI अनिल शर्मा ने बताया- महिला दीपिका शर्मा (53) नांता इलाके में पार्श्वनाथ अपार्टमेंट की रहने वाली थी। हादसे के बाद कार सवार ही महिला को हॉस्पिटल लेकर गया था लेकिन मौत हो गई। परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
महिला के सिर में लगी थी चोट पड़ोसी मिनी जैन ने बताया- दीपिका अपार्टमेंट के नीचे किराए से सब्जी की दुकान लगाती थी। रोज सुबह वह मंडी में सब्जी लेने जाती थी। आज सुबह करीब 7 बजे घर से निकलकर गुमानपुरा सब्जी मंडी जा रही थी। कोटा-बैराज की पुलिया पर सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी डैमेज हो गई।
दीपिका के सिर में गंभीर चोट लगी। उसके कान और नाक से खून बहने लगा। कार चालक ने पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। इसके बाद दीपिका को हॉस्पिटल पहुंचाया। इलाज के दौरान दीपिका की मौत हो गई। दीपिका 10 साल से सब्जी की दुकान लगा रही थी। उसके एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है।






