जयपुर में किडनैप कर एक बिजनेसमैन से 25 लाख रुपए की फिरौती वसूलने का मामला सामने आया है। पिस्तौल के दम पर गैंग के बदमाश उसका किडनैप कर ले गए। हनीट्रैप केस में फंसाने की धमकी देकर गाड़ी में बंधक बनाकर मारपीट कर रुपयों की वसूली की। रामनगरिया थाने में पीड़ित बिजनेसमैन ने युवती सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
पुलिस ने बताया- रामनगरिया के जगतपुरा निवासी 44 साल के बिजनेसमैन ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। करीब 4 महीने पहले उसकी रेशमा (बदला हुआ नाम) से जान-पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान दोस्ती होने पर मिलना-जुलना होने लगा। 23 दिसम्बर को शाम करीब 7 बजे जगतपुरा पुलिया के नीचे दोनों मिले। मिलने आने के बाद वह युवती उसकी कार में बैठ गई। बातचीत करते हुए दोनों आगरा रोड की तरफ निकल गए।
वापस लौटते समय रेशमा ने एक लड़के को कॉल किया। कॉल कर उसके साथ जबरदस्ती करने की बताकर लोकेशन भेज दी। जगतपुरा पुलिया के नीचे आने पर लड़के के आने पर रेशमा उसके साथ चली गई। इसके बाद जगतपुरा स्थित 7 नाइट होटल के सामने वह खरीदारी करने लगा।
किडनैप कर वसूले रुपए
गाड़ी में बैठते ही तीन लड़के जबरन अंदर घुस गए। दो लड़कों ने उसको पकड़ लिया, तीसरे ने उसके ऊपर पिस्तौल तान दी। पिस्तौल के दम पर किडनैप कर बम्बई हॉस्पिटल की तरफ ले गए। रास्ते में हाथ बांधकर गाड़ी के पीछे की तरफ पटक दिया। अलवर ले जाकर उसके साथ गाड़ी में जमकर मारपीट की। उनमें से एक ने रेशमा से बात कर कहा कि तु थाने में मत जाना। हम इससे बातचीत कर रहे है। झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर 50 लाख रुपए मांगे। रुपए की व्यवस्था नहीं होने की कहने पर जमकर पीटा।
जान से मारने के लिए उतारु होने पर परिचित-रिश्तेदारों से कैश दिलाने की हामी भर दी। अलवर में बंधक बनाकर रख। एक बदमाश जयपुर आकर घर से 15 लाख और परिचित से 10 लाख रुपए लेकर गया। बैंक अकाउंट से 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए। उसके बाद गाड़ी के पास छोड़कर चले गए। बदमाश जाते समय गाड़ी की चाबी अपने साथ ले गए। दूसरी चाबी मंगवाकर गाड़ी लेकर वापस घर लौटकर मामला दर्ज करवाया।
जांच अधिकारी ASI सुरेन्द्र मीना ने बताया- पुलिस ने FIR दर्ज कर पीड़ित का मेडिकल करवाया है। उसके पैर-हाथ पर डंडे से पीटने के निशान भी हैं। सिर-आंख पर भी चोट लगी मिली है। मामले में अग्रिम कार्रवाई कर फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है।






