राजस्थान पुलिस अकादमी (आरपीए) में पासिंग आउट परेड से पहले हुई फाइनल परीक्षा में 6 ट्रेनी एसआई नकल करते पकड़े गए हैं। ट्रेनी एसआई हाथ और पर्चियों पर आंसर (उत्तर) लिखकर लाए थे। इनकी मदद से चीटिंग कर रहे थे। नकल की जानकारी मिलते ही आरपीए के डायरेक्टर, एडीजी, डीआईजी और एसपी मौके पर पहुंचे। इसके बाद ट्रेनी एसआई को क्लास से बाहर कर दिया गया।
आरपीए डायरेक्टर एस सेंगाथिर ने बताया- अक्टूबर 2024 में ट्रेनी एसआई की पासिंग आउट परीक्षा आयोजित कराई गई थी। इस दौरान किसी भी प्रकार से सेंटर पर कोई नकल न हो इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। इसमें वीडियोग्राफी के साथ-साथ एक कमरे में 2 से 3 पर्यवेक्षक लगाए गए थे।
वहीं, सभी अधिकारियों को समय-समय पर राउंड लगाने के निर्देश दिए गए थे। इस दौरान पर्यवेक्षक ने 6 ट्रेनी एसआई को नकल करते पकड़ा। इन ट्रेनी एसआई के पास से पर्चियों और हाथों में सवालों के जवाब लिखे हुए थे।
फेल होने वाले एसआई को दो बार और मिलता है मौका एस सेंगाथिर ने बताया- नियम के अनुसार परीक्षा में जो भी ट्रेनी एसआई फेल होगा। उसे दो बार और परीक्षा देने का मौका मिलेगा। अगर तीनों बार कोई ट्रेनी एसआई फेल हो जाता है तो संबंधित अधिकारी को पत्र लिखकर उस पर आगे की कार्रवाई के लिए लिखा जाता है। क्लास रूम में लगे हुए सीसीटीवी से भी जांच की गई। उस दौरान कहीं कोई नकल तो नहीं हुई। पुलिस मुख्यालय से मिले आदेश के बाद इन सभी ट्रेनी एसआई को इनके जिलों में रवाना कर दिया गया है।
नकल करने वाले ट्रेनी एसआई को जिलों में भेजा गया एस सेंगाथिर ने बताया- परीक्षा में नकल करते पकड़े गए ट्रेनी एसआई को अभी आरपीए की ओर से जिलों में भेज दिया गया है। इनके परीक्षा के दौरान नकल करने की जानकारी जिला एसपी और आईजी को दे दी गई है। अब इनके पास दो अटेम्प्ट और हैं। इसमें यह परीक्षा पास करनी है। यह परीक्षा आरपीए में जल्द कराई जाएगी।
डीजीपी दे चुके कड़ी कार्रवाई के आदेश डीजीपी यूआर साहू ने बताया- उनके पास भी इस तरह की शिकायत आई थी। इस पर उन्होंने सभी जिलों के आईजी, एसपी और कमिश्नर को आदेश दिए हैं कि ऐसे पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जो अभ्यर्थी डमी कैंडिडेट और नकल कर पास हुए हैं, नियमों के अनुसार उन पर कार्रवाई की जाए। अगर मिलीभगत किसी की दिखाई दे रही है तो उस पर भी एक्शन लिया जाना चाहिए। आदेश दिए जा चुके हैं। एक्शन रेंज आईजी और एसपी को लेना है।






