Home » राजस्थान » जयपुर में अक्षय फिटनेस पर बोले- तुम्हें मर जाना चाहिए:मनोज मुंतशिर की धमकी पर भी दिया जवाब; सिंगर B-प्राक से कहा-गरारे करने गए थे क्या?

जयपुर में अक्षय फिटनेस पर बोले- तुम्हें मर जाना चाहिए:मनोज मुंतशिर की धमकी पर भी दिया जवाब; सिंगर B-प्राक से कहा-गरारे करने गए थे क्या?

जयपुर आए अक्षय कुमार ने स्काई फोर्स के मायें गाने को लेकर इसके लिरिसिस्ट (गाना लिखने वाला) मनोज मुंतशिर के साथ हुई कॉन्ट्रोवर्सी पर बात की। मनोज ने गाने के ट्रेलर में क्रेडिट न देने को लेकर मेकर्स पर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही थी।

अक्षय ने कहा- मेरी उनसे बात हुई है, मनोज अब खफा नहीं हैं। अक्षय जयपुर में मायें गाने को रिलीज किया। इस दौरान उनके साथ को-एक्टर वीर पहाड़िया भी मौजूद रहे।

जयपुर के चौमूं पैलेस में अक्षय अलग ही अंदाज में नजर आए। उन्होंने बुधवार (8 जनवरी) को बीच प्रेस कांफ्रेंस में गाने के सिंगर बी प्राक को भी वीडियो कॉल लगाया, नेटवर्क की वजह से फोन कटा तो मजाक में कहा- सच में फोन कटा था या तुम गरारे करने चले गए थे।

वहीं, अक्षय ने फिटनेस को लेकर कहा कि अगर आप 1 घंटा भी अपनी फिटनेस के लिए नहीं दे सकते तो मर जाना चाहिए।

कॉन्ट्रोवर्सी पर बोले- सब ठीक है, हमें तेरी मिट्टी जैसा गाना चाहिए था

मनोज ने 7 जनवरी को मेकर्स को टैग करते हुए लिखा था- यह गीत किसी ऐसे व्यक्ति ने लिखा है, जिसने इसके लिए अपना सारा खून और पसीना दिया है। शुरुआती क्रेडिट से लेखक का नाम हटाना निर्माताओं द्वारा आर्ट का अनादर दर्शाता है। यदि इसे तुरंत ठीक नहीं किया गया, तो मैं कानूनी कार्रवाई करूंगा। शेम।

इस पर अक्षय कुमार ने सफाई देते हुए कहा- सब कुछ ठीक है। उन्होंने कहा- मायें गाने का पूरा श्रेय मेरे प्रोड्यूसर डीनो को जाता है। उनके दिमाग में था कि तेरी मिट्टी जैसा गाना करना है और वैसी सिचुएशन फिल्म में थी। इसके बाद हमने मनोज साहब से बात की थी और उन्होंने इस पर लिखना शुरू किया। उनको सिचुएशन ब्रीफ की गई और उन्होंने उस माहौल को अपने शब्दों में लिखा।

गाने से आए रेवेन्यू से जवानों की मदद करेंगे

अक्षय ने कहा- मेरे पिता भी आर्मी में थे, इसलिए मेरा जो कनेक्शन है जो आर्मी के साथ वह खास है। मैं इसे कनेक्ट कर पाता हूं। ऐसी कभी कोई फिल्म आती है, तो उसमें मैं उसे रोल की तरह नहीं देखता हूं, हकीकत की तरह लेता हूं। उस किरदार में खुद को मान लेता हूं।

अक्षय ने कहा कि इस गाने को हम भारत के वीरों को डेडिकेट करते हैं। मैंने इसके लिए डीनो सर से भी बात की है और इस गाने का जो ओवर फ्लो होगा। उसका कुछ प्रतिशत भारत के वीरों के नाम किया जाएगा। हम इसको लेकर गंभीर भी हैं।

मैं बेटे को बताना चाहता हूं, उनके बड़ों ने देश के लिए क्या-क्या किया

अक्षय ने कहा- फिल्म में 1965 और 1971 की वॉर से जुड़ी घटनाओं को इसमें शामिल किया गया है। मैं चाहता हूं कि हमारे यंगस्टर्स को यह पता चलना चाहिए कि उस दौर में क्या हुआ था, हमारी सेना ने क्या किया था, यह मैं इस फिल्म के जरिए कहना चाह रहा हूं। मैं अपने बेटे को इस तरह की कहानियां सुनाना चाहता हूं। उन्हें बताना चाहता हूं कि उनके बड़ों ने उनके लिए क्या-क्या किया है।

आज हम आजादी के साथ चल पा रहे है, उसके लिए कई लोगों की कुर्बानी हुई है। इन्हीं को हम बताने के लिए आए है। कैसे हमने 1971 की लड़ाई को पलट दिया था, यही हम दिखाने वाले हैं। पाकिस्तान के पास उस वक्त ऐसे जेट फाइटर थे, जिनका हम मुकाबला भी नहीं कर पा रहे थे, क्योंकि वे एडवांस थे। ऐसे में ऐसा क्या हुआ कि हमने उन्हें पछाड़ा और हराया। युवाओं को यह चीज जाननी चाहिए और इसे देखना चाहिए।

प्राक से बोले- गरारे करने गए थे क्या?

अक्षय ने इवेंट के दौरान मायें गाने के सिंगर बी प्राक को वीडियो कॉल लगाया। उन्होंने प्राक से इस गाने के बारे में ब्रीफ देने को कहा और गाकर सुनाने को कहा। गाने के बीच में कॉल डिस्कनेक्ट हो गया। जब अक्षय ने वापस कॉल लगाया तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि – प्राक फोन सच में कटा था या फिर तुम गरारे करने चले गए थे….इस पर बी प्राक बोले नहीं पाजी मैं यही था।

अक्षय ने कहा कि मैं जयपुर के चौमूं पैलेस में शूटिंग कर रहा था, मैंने अपने प्रोड्यूसर से रिक्वेस्ट की थी इस फिल्म का गाना जयपुर में रिलीज करने के लिए। राजस्थान की धरती पर इस गाने को प्रस्तुत करना चाहते थे। वीर को भी मैंने इसके लिए बुलाया। 60 लोगों की टीम इसके लिए आई है, क्योंकि हम चाहते थे कि पहली बार यह गाना राजस्थान की धरती से निकले।

अक्षय और उनके साथी एक्टर वीर ने अनसंग हीरोज को सेल्यूट कर गाने को जयपुर में लॉन्च किया।
अक्षय और उनके साथी एक्टर वीर ने अनसंग हीरोज को सेल्यूट कर गाने को जयपुर में लॉन्च किया।

शरीर को एक घंटा नहीं दे सकते तो मर जाओ

अक्षय अपनी फिटनेस पर कहा कि मेरा मानना है कि फिटनेस के लिए यदि किसी के पास टाइम नहीं है तो लानत है। फिटनेस बहुत जरूरी चीज है। मुझे लगता है कि यह जरूरी हिस्सा है। मैं फिर वही लाइन दोहराता हूं कि यदि आप फिटनेस के लिए अपने शरीर को एक घंटा नहीं दे सकते तो इससे बढ़िया है कि मर जाओ।

वीर बोले- अक्षय के साथ काम करना मजेदार

इंटरेक्शन के दौरान अक्षय ने उनके साथ फिल्म में काम कर रहे वीर पहाड़िया से सवाल पूछा कि आपने कई सारी देशभक्ति फिल्में देखी होगी, यह आपके लिए कैसी फिल्म रही? वीर ने कहा कि यह मेरी पहली फिल्म है, इसके जरिए मैं बॉलीवुड में एंट्री कर रहा हूं। पहली फिल्म में अक्षय के साथ काम करने का मौका मिला, इतना बड़ा गाना मुझे यहां मिला। यह एक साधारण वॉर फिल्म नहीं है। यह कहानी उन अनसंग हीरोज के बोर में है, जिन्हें कोई जान नहीं पाया।

वीर ने कहा कि जब मुझे पता चला कि मैं अक्षय सर के साथ काम करने वाला हूं तो नर्वस था। इतने बड़े कलाकार के साथ काम करना आसान तो होता नहीं है। इन्होंने बहुत सारे न्यूकमर्स के साथ काम किया है। इन्होंने मुझे पहले दिन ही इतना कम्फर्टेबल कर दिया कि एक फ्लो बन गया और धीरे-धीरे पूरे प्रोसेस में मजा आने लगा।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS