राजस्थान की सबसे बड़ी परीक्षा रीट-2024 का आयोजन 27 फरवरी को प्रस्तावित है। 14 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स ने एग्जाम के लिए आवेदन किया है। ऐसे में इस बार भी दो दिन परीक्षा हो सकती है।
पिछली बार रीट 33 जिला मुख्यालय पर हुई थी। इस बार रीट 41 जिला मुख्यालय पर होगी। बड़े शहरों में भी सेंटर बनाए जा सकते हैं।
दोनों लेवल में 1 लाख से ज्यादा आवेदन बोर्ड के सचिव व परीक्षा के समन्वयक कैलाश चन्द शर्मा ने बताया- बोर्ड को अंतिम दिन तक 14 लाख से ज्यादा आवेदन मिले हैं। लेवल वन के लिए 346009, लेवल 2 के लिए 966738 और दोनों लेवल में 114501 आवेदन है। इस बार 33 जिलों के बजाय 41 जिलों में परीक्षा होगी।
परीक्षा के लिए कितने शहरों में कितने सेंटर मिलते हैं और वहां पर कितने कैंडिडेट्स की व्यवस्था हो सकती है। इसका आंकलन किया जा रहा है। सभी तरह की संभावनाओं को देखते हुए बोर्ड की ओर से तैयारी की जा रही है। अगर जरूरत पड़ती है तो परीक्षा दो दिन करने पर भी विचार किया जा सकता है लेकिन फिलहाल यह तय नहीं है। इसका निर्णय उच्च स्तर पर होगा।

आवेदन-पत्र में कल से कर सकेंगे करक्शन रीट- 2024 के तहत जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन की अंतिम तारीख 15 जनवरी तक चालान जनरेट कर परीक्षा शुल्क जमा करा दिया लेकिन आवेदन पत्र नहीं भरा या आवेदन पत्र सबमिट कर प्रिंट नहीं लिया है। ऐसे अभ्यर्थियों को माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से 17 जनवरी से 19 जनवरी रात 12 बजे तक आवेदन पत्र भरने या सबमिट कर प्रिन्ट लेने का अंतिम अवसर प्रदान किया गया है। ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने राज्य सरकार सरकार की ओर से निरस्त किए गए 9 जिलों में परीक्षा केन्द्र प्राथमिकता से भर दिए हैं, वे अपने परीक्षा केन्द्र की प्राथमिकता में निशुल्क संशोधन 17 जनवरी से 19 जनवरी तक कर सकते है।
आवेदन पत्र भरने में गलती सुधारने के लिए 200 रुपए का शुल्क सचिव कैलाश चंद्र शर्मा ने बताया- जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन पत्र भरने में गलती की है या रह गई है। इन अभ्यर्थियों को 17 जनवरी से 19 जनवरी रात 12 बजे तक संशोधन शुल्क 200 रुपए का चालान बनाकर जमा कराना होगा।
चालान वेरिफाई होने के बाद संशोधन शुल्क का चालान नंबर, आवेदन पत्र अथवा रजिस्ट्रेशन क्रमांक, माता का नाम, जन्म दिनांक आदि भरने पर एवं ओटीपी वेरिफाई करने पर आवेदन पत्र खुल जाएगा।
अपना नाम, पिता का नाम, माता का नाम, जन्म दिनांक, मोबाईल नंबर, परीक्षा का लेवल और परीक्षा केंद्र के प्राथमिकता क्रम में किसी भी प्रकार का संशोधन नहीं किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त आप अन्य प्रविष्टियों में संशोधन कर सकते हैं
पिछली बार दो दिन हुए थे एग्जाम रीट-2022 का एग्जाम 23 और 24 जुलाई 2022 को 2 दिन चार पारियों में हुआ था। इस परीक्षा के लिए प्रदेश में 1380 केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर 16 लाख 96 हजार 516 परीक्षार्थी परीक्षा में रजिस्टर्ड थे। लेवल वन की परीक्षा में कुल 4 लाख 1320 और द्वितीय स्तर में 12 लाख 95 हजार 196 परीक्षार्थी रजिस्टर्ड किए थे। दो दिन चार परीक्षा में होने वाली भर्ती परीक्षा में कुल 15 हजार 66 हजार 992 लाख अभ्यर्थी रजिस्टर्ड थे। इनमें से 13 लाख 65 हजार 831 लाख राजस्थान से थे, जबकि 2 लाख 1161 अभ्यर्थी दूसरे राज्यों से परीक्षा देने राजस्थान आए थे।






