जयपुर रंगमंच के अनुभवी अभिनेता अजय जैन ने हाल ही में रिलीज हुई बहुचर्चित वेब सीरीज पाताललोक सीजन 2 में बाजोरिया की भूमिका निभाई है। यह वेब सीरीज 17 जनवरी को प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई है। इसका निर्देशन अविनाश अरुण धावरे ने किया है और इसे क्लीन स्लेट फिल्म्स प्रोडक्शन और यूनोइया फिल्म्स एलएलपी के बैनर तले बनाया गया है।

सीरीज में जयदीप अहलावत, इश्वाक सिंह, गुल पनाग, तिलोत्तमा शोम, नागेश कुकुनूर और जाह्नु बरुआ जैसे नामचीन कलाकारों ने अभिनय किया है। इन सबके बीच अजय जैन ने अपनी अदाकारी से दर्शकों का ध्यान खींचा है। बाजोरिया के किरदार को जीवंत बनाने के लिए अजय के अभिनय की जमकर सराहना हो रही है।

अजय जैन पिछले 24 वर्षों से जयपुर थिएटर से जुड़े हुए हैं और उन्होंने कई प्रतिष्ठित प्रोजेक्ट्स में काम किया है। वे न केवल थिएटर में बल्कि बॉलीवुड और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी अपनी छाप छोड़ चुके हैं। उनके अभिनय सफर में इनक्रेडिबल इंडिया, अफवाह, सास बहू और फ्लेमिंगो, थ्री देव, बाबा ब्लैकशिप, क्रश कोर्स, भोभर, भवानी, क्राइम पेट्रोल, घूंघट, ऐसी दीवानगी, घर एक मंदिर, प्यार तूने क्या किया, और सावधान इंडिया जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं।
अजय जैन जल्द ही दर्शकों के सामने राजस्थानी वेब सीरीज हुंकार और शॉर्ट फिल्म चप्पल के साथ नजर आएंगे। ये प्रोजेक्ट्स मार्च 2025 में रिलीज होने वाले हैं। अजय ने अपनी अदाकारी के सफर के बारे में बात करते हुए कहा कि रंगमंच से लेकर कैमरे के सामने अभिनय तक का सफर मेरे लिए एक सीखने का अनुभव रहा है। पाताल लोक सीजन 2 का हिस्सा बनना मेरे करियर के सबसे यादगार पलों में से एक है।






