Home » राजस्थान » स्वच्छता सर्वेक्षण-2024:आयुक्त का निरीक्षण; गंदगी देख सीएसआई को लगाई फटकार, अनुपस्थित 12 कार्मिकों को नोटिस

स्वच्छता सर्वेक्षण-2024:आयुक्त का निरीक्षण; गंदगी देख सीएसआई को लगाई फटकार, अनुपस्थित 12 कार्मिकों को नोटिस

स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 के लिए नगर निगम ग्रेटर अलर्ट मोड पर है। आयुक्त रुक्मणि रियाड़, अतिरिक्त आयुक्त सीमा कुमार, जोन उपायुक्त, जोन ओआईसी ने गुरुवार सुबह अलग-अलग स्थानों का दौरा किया। दौरे के दौरान सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। साथ ही आमजन से भी सफाई का फीडबैक लिया।

आयुक्त ने जहां-जहां गंदगी एवं कचरे के ढेर देखे वहीं संबंधित सीएसआई को फटकार लगाते हुए तुरंत सफाई कराने के निर्देश दिए। सीएनडी वेस्ट को भी तुरंत उठवाने को कहा। मध्यम मार्ग पर लग रहे अवैध पोस्टर, बैनर को देखकर नाराजगी जाहिर की और उन्हें हटाने के निर्देश दिए।

मार्गों पर लगे डस्टबिन से कचरा खाली करने और अवैध थड़ी, ठेलों को हटवाने के निर्देश दिए। मंगल मार्ग पर नालों के टूटे फैरो कवर ठीक करने के लिए संबंधित अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन बिल्डिंग पर ग्रीन नेट नहीं लगाने वालों से जुर्माना वसूलने को कहा। आयुक्त ने बिना सूचना के अनुपस्थित मिले 12 सफाई कर्मचारियों को नोटिस देने के निर्देश दिए।

इन जगहों पर किया सफाई का निरीक्षण

आयुक्त ने मानसरोवर और मालवीय नगर जोन में और अतिरिक्त आयुक्त सीमा कुमार ने विद्याधर नगर व झोटवाड़ा जोन की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। आयुक्त ने मोती डूंगरी रोड से रामबाग, नारायण सिंह सर्किल, टोंक रोड, बाईस गोदाम पुलिया, करतारपुरा नाला, बरकत नगर, शिप्रा पथ, विजय पथ, सावित्री पथ, मंगल मार्ग, मध्यम मार्ग व रजत पथ सहित अन्य स्थानों पर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई व्यवस्था दुुरुस्त रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जोन उपायुक्त व सीएसआई मौजूद रहे।

हाजिरीगाहों पर भी पहुंचे, हाजिरी रजिस्टर चेक किए

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने हाजिरीगाहों पर जाकर हा​जिरी रजिस्टर भी चेक किए। मानसरोवर जोन के वार्ड नं. 69 में 8 सफाई कर्मचारी और वार्ड नं. 73 में 5 सफाई कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। पशु प्रबंधन शाखा ने मौके पर ही निराश्रित एवं बेसहारा पशुओं को पकड़कर गोशाला भिजवाया।

उपायुक्त मुरलीपुरा अर्पणा शर्मा ने वार्ड-8, 15 और 20 सहित विभिन्न स्थानों व परशुराम सर्किल और मानसरोवर जोन में ओआईसी श्यामलाल जांगिड़ ने विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। मालवीय नगर जोन उपायुक्त प्रियवृत्त सिंह चारण ने भी विभिन्न स्थानों का दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS