कोटपूतली-बहरोड़ के नीमराना में एक स्कूल के टॉयलेट की दीवार गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा घायल हो गया। दोनों स्टूडेंट टॉयलेट के पास खेल रहे थे। हादसा श्री श्याम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में गुरुवार को दोपहर 3 बजे हुआ।
ASI सतीश यादव ने बताया- उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के बरखापुर निवासी अविनाश (5) और बुलंदशहर (यूपी) निवासी कार्तिक (4) स्कूल में खेल रहे थे। इसी दौरान टॉयलेट की दीवार गिर गई। दोनों बच्चों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अविनाश को मृत घोषित कर दिया। वहीं कार्तिक का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

घर से 500 मीटर दूर है स्कूल अविनाश के पिता अरविंद अवस्थी नीमराना के जापानी जोन औद्योगिक क्षेत्र की एक कंपनी में काम करते हैं। उनका परिवार नीमराना के विजय बाग में किराए के मकान में रहता है। उनका घर स्कूल से 500 मीटर दूर है। अविनाश इकलौती संतान था। वह केजी में पढ़ता था।

दीवार पर प्लास्टर नहीं था सीबीईओ राजकुमार यादव ने बताया- टॉयलेट के सपोर्ट के लिए बनाई गई दीवार के पास बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान दीवार गिर गई। दीवार के प्लास्टर नहीं था। स्कूल जाकर आए हैं, लेकिन अभी बंद था। मामले में जांच कमेटी बैठाएंगे। कोशिश करेंगे वापस ऐसा घटनाक्रम न हो।
टीनशेड में चल रही थीं क्लास जानकारी के अनुसार, दीवार करीब 5 फीट ऊंची थी। हादसे के बाद बच्चों की छुट्टी कर स्कूल प्रशासन ने मुख्य गेट पर ताला लगा दिया है। किसी को अंदर जाने नहीं दिया जा रहा है। मैनेजमेंट ने फिलहाल किसी से बात करने से इनकार कर दिया है। अब तक की जानकारी में सामने आया कि स्कूल की बिल्डिंग के बाहरी हिस्से में प्लास्टर नहीं किया गया है। टीनशेड में कक्षाओं का संचालन किया जा रहा था।






