जयपुर में 70 साल के बुजुर्ग के साथ मारपीट करने के मामले में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। एक बदमाश जितेंद्र सिंह पर 15 हजार का इनाम है। जो नाबालिग के साथ रेप के मामले में जेल भी जा चुका है। देहव्यापार से भी जुड़ा रहा है।
डीसीपी वेस्ट अमित कुमार ने बताया- झोटवाड़ा के गोकुलपुरा में रहने वाले सरदार मल कुमावत ने करधनी थाने में एक रिपोर्ट दी थी। इसमें बताया कि 16 अक्टूबर को उनके भाई सुंडाराम कुमावत (70) अपने साथी भोपाल सिंह के निर्माणाधीन मकान हनुमान नगर सिरसी रोड पर बैठे हुए थे। भोपाल सिंह के पास कार से जितेन्द्र सिंह व अन्य व्यक्ति आए।
लेन देन के विवाद में किया हमला
जितेन्द्र सिंह एवं भोपाल सिंह का आपस में लेनदेन का विवाद था। इस पर जितेन्द्र सिंह एवं उसके साथियों ने भोपाल सिंह से गाली गलौच व मारपीट करने लगे। इस पर सुंडाराम कुमावत ने बीच बचाव कराने का प्रयास किया। इसके बाद जितेन्द्र सिंह मौके से चला गया। रात करीब 11 बजे जितेन्द्र सिंह मकान न. 234 करणी उमा विहार गोकुलपुरा फाटक आया। कमरे में सो रहे सुंडाराम कुमावत पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया। जिस से सुंडाराम गम्भीर रूप से घायल हो गए।
आरोपी की तलाश में दबिश दी गई
इस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। जांच कर रही टीम ने हिस्ट्रीशीटर जितेन्द्र सिंह को पकड़ने के लिए उस के सम्भावित ठिकाने जयपुर शहर, देहरादून, हिमाचल प्रदेश कई जगहों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं लगा। जिस पर डीसीपी कार्यालय से आरोपी पर 15 हजार रुपए का ईनाम रखा गया।
मुखबिर से मिली जानकारी के बाद बुधवार को पलुिस ने हिस्ट्रीशीटर जितेन्द्र सिंह उर्फ जीतु कालीपहाड़ी (29)पुत्र कुंदन सिंह निवासी गांव कालीपहाडी थाना बगड झुंझुनूं हाल 116 मों इंद्रविहार कनकपुरा थाना करधनी जयपुर को उसके एक साथी सचिन रत्नावत (29) उर्फ सचिन गुडलिया पुत्र देवेन्द्र सिंह निवासी गांव गुढलिया थाना कोलवा जिला दौसा हाल आर 121 सुशाांत सिटी आई थाना कालवाड़ जयपुर पश्चिम के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ जयपुर सिटी में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, वहीं आरोपी नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने और वैश्यावृत्ति कराने के मामले में जेल भी जा चुका हैं।






