
चोरासी थाना क्षेत्र की पाडली गुजरेश्वर ग्राम पंचायत में सरपंच द्वारा एक बुजुर्ग के साथ दबंगई करने का मामला सामने आया है। दबंगई का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें सरपंच बुजुर्ग के कपडे़ पकड़ कर उससे बहस कर रहा है। दोनों पक्षों ने चोरासी थाने में एक- दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार घटना चोरासी थाना क्षेत्र के पाडली गुजरेश्वर ग्राम पंचायत के गडारोदा गाँव की है। जहां ग्राम पंचायत की ओर से कच्चे रास्ते पर सीसी सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। लेकिन गडारोदा निवासी नानजी (75) पुत्र दौला डिन्डोर ने प्रस्तावित सीसी सड़क के रास्ते में खुद की खातेदारी जमीन होने का दावा करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया। इसके बाद सरपंच लीलाराम गमेती नानजी के घर गया। जंहा दोनों के बीच बहस हो गई। बुजुर्ग नानजी ने जमीन अपने खाते की होना बताते हुए सीसी सड़क नहीं बनने देने की बात कही। वहीं सरपंच लीलाराम ने जमीन बिना नाम होने का दावा किया। इस दौरान सरपंच लीलाराम ने बुजुर्ग के कपडे खींचे और उसका हाथ पकड़ कर डराया धमकाया। मौके पर मौजूद बुजुर्ग नानजी की पुत्रवधू ने पूरी घटना का वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

घटना के बाद बुजुर्ग नानजी ने सरपंच लीलाराम के खिलाफ घर में घुस कर मारपीट करने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। वहीं सरपंच लीलाराम ने भी नानजी के खिलाफ झगड़ा करने और राजकार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज कराया है। फिलहाल चोरासी थाना पुलिस दोनों लोगों की शिकायत आधार पर मामले की जांच कर रही है।






