शेयर बाजार में हो रही गिरावट और दुनियाभर में जारी अस्थिरता के बाद कीमती धातुओं की कीमत में तेजी का सिलसिला शुरू हो गया है। शुक्रवार को स्टैंडर्ड सोने की कीमत ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इसके बाद जयपुर में 10 ग्राम स्टैंडर्ड सोने की कीमत बढ़ाकर 88 हजार 400 रुपए के स्तर पर पहुंच गई है। वहीं चांदी प्रति किलो की कीमत 1500 रुपए बढ़कर 99800 पर आ गई है। सर्राफा व्यापारियों के अनुसार बढ़ती कीमत के बाद बाजार में एक बार फिर ग्राहकों की कमी देखने को मिल रही है।
जयपुर के सर्राफा व्यापारी राहुल सोनी ने बताया कि साल 2025 में 1 जनवरी से अब तक 45 दिन में स्टैंडर्ड सोने की कीमत में 9600 हजार रुपए की तेजी आई है। यह रिकॉर्ड तेजी निवेशकों को सोने की ओर आकर्षित तो कर रही है। लेकिन इससे सर्राफा व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है क्योंकि आम जनता महंगे भाव में सोने और चांदी के आभूषण खरीदने से बच रही है। ऐसे में अगर स्टैंडर्ड सोने की कीमत में तेजी का यह सिलसिला जारी रहा। तो आने वाले दिनों में सराफा बाजार में ग्राहकों की और ज्यादा कमी देखने को मिल सकती है।
जयपुर सर्राफा कमेटी की और से जारी भाव के अनुसार जयपुर में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 88 हजार 400 रुपए पर आ गई है। 22 कैरेट प्रति 10 ग्राम सोने की कीमत 82 हजार 900 रुपए पहुंच गई है। सोना 18 कैरेट 70 हजार रुपए प्रति दस ग्राम और 14 कैरट 56 हजार 600 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं, चांदी रिफाइन की कीमत 99 हजार 800 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई है।
सोना खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
1. सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें
हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉल मार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। नए नियम के तहत एक अप्रैल से 6 डिजिट वाले अल्फान्यूमेरिक हॉलमार्किंग के बिना सोना नहीं बिकेगा। जैसे आधार कार्ड पर 12 अंकों का कोड होता है, उसी तरह से सोने पर 6 अंकों का हॉल मार्क कोड होगा। इसे हॉल मार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID कहते हैं।
ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना संभव हो गया है कि कोई सोना कितने कैरेट का है।
2. कीमत क्रॉस चेक करें
सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है।
24 कैरेट सोने को सबसे शुद्ध सोना माना गया है, लेकिन इसकी ज्वेलरी नहीं बनती, क्यों कि वो बेहद मुलायम होता है। आमतौर पर ज्वेलरी के लिए 22 कैरेट या इससे कम कैरेट सोने का इस्तेमाल किया जाता है।
कैरेट के हिसाब से ऐसे चेक करें कीमत: मान लीजिए 24 कैरेट सोने का दाम 60 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम है। यानी एक ग्राम सोने की कीमत हुई 6000 रुपए। ऐसे में 1 कैरेट शुद्धता वाले 1 ग्राम सोने की कीमत हुई 6000/24 यानी 250 रुपए।
अब मान लीजिए आपकी ज्वेलरी 18 कैरेट शुद्ध सोने से बनी है तो 18×250 यानी इसकी कीमत 4,500 रुपए प्रति ग्राम हुई। अब आपकी ज्वेलरी जितने भी ग्राम की है उसमें 4,500 रुपए का गुणा करके सोने की सही कीमत होगी।






