Home » राजस्थान » राजस्थान में तीन दिन हो सकती है बारिश:जैसलमेर, बीकानेर, चित्तौड़गढ़, बाड़मेर में दिन हुए गर्म; पारा 35 डिग्री के पार

राजस्थान में तीन दिन हो सकती है बारिश:जैसलमेर, बीकानेर, चित्तौड़गढ़, बाड़मेर में दिन हुए गर्म; पारा 35 डिग्री के पार

राजस्थान में गर्मी तेज होने लगी है। कल (शुक्रवार) बाड़मेर में दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया। 10 से ज्यादा शहरों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ है।

न्यूनतम तापमान बढ़ने से सुबह-शाम की सर्दी कम होने लगी है। अगले 3 दिन तक इसी तरह की गर्मी रहेगी। 18 फरवरी से मौसम में बदलाव होने का अनुमान है।

18 से 20 फरवरी के बीच जयपुर, बीकानेर, भरतपुर संभाग के जिलों में बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।

सबसे गर्म बाड़मेर

कल सबसे गर्म दिन बाड़मेर का रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बाड़मेर में कल तापमान औसत से 6 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज हुआ।

डूंगरपुर, जालोर में कल अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 32, जैसलमेर में 32.8, चित्तौड़गढ़ में 32.2, भीलवाड़ा में 32, उदयपुर में 31.8, जोधपुर में 31.7, नागौर में 31.4, दौसा, बारां, कोटा में 30.1 डिग्री दर्ज किया गया।

चूरू में 30, वनस्थली (टोंक) में 30.6 और अजमेर में 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राजधानी जयपुर में कल दिन में तेज गर्मी रही। यहां अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

सुबह-शाम कम होने लगी सर्दी

राज्य में अब सुबह-शाम की सर्दी भी कम होने लगी है। फलोदी में कल रात का न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 15.3, बाड़मेर में 14.6, डूंगरपुर में 13.7 और बीकानेर में 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सबसे कम तापमान कल फतेहपुर (सीकर) में 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

अब आगे क्या?

जयपुर मौसम विज्ञान केन्द्र ने राजस्थान में 17 फरवरी तक इसी तरह का मौसम रहने और कुछ स्थानों पर दिन के तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने का अनुमान जताया है।

18 से 20 फरवरी के बीच एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसकी वजह से जयपुर, बीकानेर, भरतपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बादल छाने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS