प्रयागराज महाकुंभ के अवसर पर रेल यात्रियों की सुविधा व सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए है। जिससे कि महाकुंभ प्रयागराज के लिए कोटा से जाने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। महाकुंभ में यात्रीभार को कम करने के लिए कोटा व सोगरिया से प्रयागराज के लिए तीन अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों को संचालित किया जा रहा है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि महाकुंभ में यात्रीभार को कम करने के लिए कोटा व सोगरिया से प्रयागराज के लिए तीन अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों को संचालित किया जा रहा है। साथ ही कोटा सहित मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई हैं।
इसमें प्रमुख रूप से चेकिंग व आरपीएफ स्टाफ शामिल है। रेल सुरक्षा बल के जवान चौबीस घंटे अनियमित संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे है। ट्रेनों एवं स्टेशनों पर गश्त, मार्च पास्ट, बैग चेकिंग, विस्फोटक एवं ज्वलनशील पदार्थों के परिवहन की विशेष रूप से चेकिंग की जा रही है। एटीवीएम मशीन द्वारा यात्रियों को अनारक्षित टिकट की सुविधा प्रदान किया जा रहा है।
सौरभ जैन ने बताया- कोटा मंडल के सभी स्टेशनों पर खानपान स्टालों पर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, उसके माप एवं दर को लेकर विशेष नज़र रखी जा रही है। स्टालों पर जनता थाली, दूध, फ्रूट जूस, पेय जल की उपलब्धता एवं प्लेटफार्म पर नियमित स्वच्छता सुनिश्चित की जा रही है।
विशेष रूप से प्रयागराज की ओर जाने वाली यात्री ट्रेनों में सफाई तथा कोचों में पानी भरने हेतु व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा हेतु कोच के पायदान पर बैठकर यात्रा करने वालो को समझाइश दी जा रही है। मंडल के स्टेशनों पर लगे कुल 135 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से भीड़ पर एवं संदिग्ध लोगो पर नज़र रखी जा रही है।
सभी यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से जानकारी प्राप्त करें और किसी भी असत्यापित रिपोर्ट और भ्रामक जानकारी से बचें।






