कोटा के अनंतपुरा थाना क्षेत्र में धारदार हथियार के हमले में एक युवक की मौत हो गई। युवक के पास ही के कमरे में रहने वाले साथी ने इस घटना को अंजाम दिया। चिल्लाने की आवाज सुन पास रहने वाला युवक आकाश पहुंचा, जिसने युवक को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर अनंतपुरा थाना पुलिस पहुंची और युवक के शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
अनंतपुरा थाना अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों ही युवक एक साथ गुटखा फैक्ट्री में काम करते थे। दोनों ही उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। आरोपी को डिटेन कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों को सूचना कर दी गई है। कल परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
अनंतपुरा थाने के ASI कुंदन सिंह ने बताया कि मृतक मनोज (25) उत्तर प्रदेश के गांव तुतैया खेड़ा जिला हरदोही का रहने वाला था। जो कि कोटा में रहकर मजदूरी करता था। कोटा के रोड नंबर 5 पर गुटका फैक्ट्री में यह युवक काम करता था। आज दोपहर में शराब के नशे में साथ काम करने वाले युवक विशाल (23) ने नुकीले धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे युवक गंभीर घायल हो गया। घायल युवक को साथियों ने निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की डेड बॉडी एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दी।
एएसआई ने बताया कि युवक के शरीर पर धारदार हथियार के कई निशान हैं। हाथ, पैर, पीठ और गर्दन पर भी वार किए गए। सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और सबूत जुटाए। घटना अनंतपुरा की कोलीपाड़ा बस्ती में हुई है। मनोज और हमलावर दोनों एक ही गुटका फैक्ट्री में काम करते हैं। एक ही मकान में कमरा किराए से लेकर रहते थे।






