केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराजसिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह की शादी के बाद सभी मेहमान शुक्रवार को वापस लौट गए।
कार्तिकेय की शादी लिबर्टी शू कंपनी के डायरेक्टर अनुपम बंसल की बेटी अमानत से उम्मेद भवन पैलेस मे हुई है। सात फेरों के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने बेटे-बहू को आठवें वचन के रूप में प्रकृति की सेवा का वचन दिलाया।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा-
आने वाली पीढ़ियों के लिए धरती सुरक्षित रहें। बच्चों, मानव जीवन अमूल्य है, ये लोक के कल्याण के लिए है। लोगों की भलाई के लिए बेहतर कार्य करके इसे सार्थक बनाएं। दोनों परिवारों का मान-सम्मान बढ़ाते हुए औरों के लिए भी जीना है और पर्यावरण उसका एक साकार स्वरूप है।

इसके बाद वर-वधु ने अपने जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ सहित अन्य मंगल अवसरों पर पौधरोपण का संकल्प लिया। शादी में कई वीवीआईपी मेहमानों ने शिरकत की और वर-वधू को आशीर्वाद दिया।

जोधपुर से जाते हुए शिवराज बोले-बेटी लेकर जा रहे हैं जोधपुर से रवाना होने से पहले शिवराज ने कहा कि हम बहू नहीं बेटी ले जा रहे हैं। बेटियां नहीं बचाओगे तो बहू कहां से लाओगे। मैं शुरू से बेटियों के लिए काम करता रहा हूं।
वहीं देर रात ट्वीट कर शिवराज ने कहा कि बंसल और चौहान परिवार नर्मदा की धारा की भांति एक नई यात्रा पर चल पड़े हैं। जिस प्रकार नर्मदा मैया अपनी पावन धाराओं से धरती को उपजाऊ बनाती हैं, जीवन को संजीवनी देती हैं, उसी प्रकार मैं प्रार्थना करता हूं कि वे कार्तिकेय और अमानत के दांपत्य जीवन को पुण्य, प्रेम और समृद्धि से सींचें।
उनकी पत्नी साधना सिंह ने कहा- एक लड़की अपनी मां का घर छोड़कर आती है। दूसरी मां को अपनी मां की तरह मानती हैं। मेरे लिए मेरी दोनों बहू बेटी की तरह हैं।

इससे पहले गुरुवार को प्रदेश के सीएम भजनलाल शर्मा, डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा, दीया कुमारी, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़, केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी और राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी मीणा ने भी शादी में शिरकत की।
इनके अलावा मप्र विधानसभा के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, मप्र के मंत्री विश्वास सारंग, भोपाल सांसद आलोक शर्मा शादी में पहुंचे। दोनों ने बारात में डांस भी किया। बता दें कि उम्मेद पैलेस में 3 दिन शादी के फंक्शन चले थे।
शादी से जुड़ी फोटो देखिए…












