Home » राजस्थान » सोने की कीमत 96 हजार रुपए पार पहुंची:चांदी में आई 2400 रुपए की तेजी, एक किलो की कीमत 97 हजार 700 रुपए

सोने की कीमत 96 हजार रुपए पार पहुंची:चांदी में आई 2400 रुपए की तेजी, एक किलो की कीमत 97 हजार 700 रुपए

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दुनियाभर में लागू किए गए टैरिफ को स्थगित करने के बाद सोने की कीमत बेकाबू हो गई है। शनिवार को सर्राफा बाजार में स्टैंडर्ड सोने की कीमत में बंपर बढ़ोतरी हुई है। जिसके बाद 10 ग्राम सोने की कीमत बढ़ाकर 96 हजार 200 रुपए पर पहुंच गई है। जो इतिहास में अब तक की सबसे ज्यादा कीमत है। वहीं चांदी की कीमत में भी 2400 रुपए की तेजी आई है। जिसके बाद एक किलो चांदी की कीमत बढ़कर 97 हजार 700 रुपए पर पहुंच गई है।

जयपुर सर्राफा एसोसिएशन के पंकज सोनी ने बताया कि दुनियाभर में फिलहाल बाजार में अस्थिरता का माहौल है। यही कारण है कि 90 हजार से नीचे पहुंची सोने की कीमत एक बार फिर बढ़कर 96 हजार 200 रुपए के ऑल टाइम हाई के शिखर पर पहुंच गई है। जो आने वाले दिनों में 97 हजार के आंकड़े को छू सकती है। वहीं 92 हजार रुपए के करीब पहुंच चुकी चांदी की कीमत में भी रिकॉर्ड तेजी आई है। जो आने वाले एक सप्ताह तक जारी रह सकती है।

जयपुर सर्राफा कमेटी की ओर से जारी भाव के अनुसार जयपुर में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 96 हजार 200 रुपए पर आ गई है। 22 कैरेट प्रति 10 ग्राम सोने की कीमत 89 हजार 700 रुपए पहुंच गई है। सोना 18 कैरेट 77 हजार 900 रुपए प्रति दस ग्राम और 14 कैरट 64 हजार 600 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं, चांदी रिफाइन की कीमत 97 हजार 700 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई है।सोने में तेजी के 3 कारण

सोने की कीमत बढ़ने के प्रमुख कारण

  • अमेरिका की टैरिफ पॉलिसी के कारण ट्रेड वॉर का खतरा बढ़ गया है। इससे इकोनॉमी के बढ़ने की रफ्तार धीमी हो सकती है। ग्लोबल मंदी की आशंका भी बढ गई है। ऐसे में लोग सोने में अपना निवेश बढ़ा रहे हैं। मंदी के समय सोने को सुरक्षित निवेश माना जाता है।
  • डॉलर के मुकाबले रुपए के कमजोर होने से सोने की कीमतों में तेजी आई है। ऐसा इसलिए क्योंकि जब रुपया कमजोर होता है तो इसे इंपोर्ट करने में ज्यादा पैसे खर्च होते हैं। इस साल रुपए में लगभग 4% की गिरावट आई है, जिससे सोने की कीमतों पर दबाव बढ़ गया है।
  • शादियों का मौसम नजदीक आ रहा है, ऐसे में सोने के गहनों की मांग बढ़ रही है। मुंबई, दिल्ली और चेन्नई जैसे शहरों में ज्वैलर्स ने बताया कि ऊंची कीमतों के बावजूद बिक्री में तेजी है, क्योंकि लोग सोने को निवेश और समृद्धि के प्रतीक के रूप में देखते हैं।
Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS