जयपुर में ब्लैकमेल कर एक युवती से गलत काम (वैश्यावृत्ति) करवाने का मामला सामने आया है। जॉब के बहाने बुलाकर होटल में युवती से गैंगरेप किया गया। अश्लील वीडियो को वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। करधनी थाने में पीड़िता ने एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। मामले की जांच ACP (झोटवाड़ा) सुरेन्द्र सिंह राणावत कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया- गंगानगर की रहने वाली युवती ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। जून-2024 में उसके मोबाइल पर एक महिला ने कॉल किया। कॉल कर खुद को अमेजन कंपनी में बताकर जॉब लगाने का ऑफर दिया। जॉब की कहने पर जयपुर में लगाने की कहकर बुलाया। जयपुर आने पर करधनी स्थित एक मकान पर तीनों साथी आरोपियों से मिलवाया। कहा कि आपको ये अमेजन कंपनी के मैनेजर से मिलवाएंगे।
जबरन पकड़ा, अश्लील वीडियो बनाया
कुछ देर बाद कार में बैठाकर एक आरोपी उसे निवारू रोड स्थित होटल पर ले गया। होटल के रूम में उसके दोनों साथी पहले से बैठे मिले। पूछने पर तीनों ने उसको जबरन पकड़ लिया। उनमें से एक आरोपी ने अपने साथी की मदद से उसके साथ रेप किया। तीसरे आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो मोबाइल में बना लिया। अश्लील वीडियो को वायरल करने और उसे जान से मारने की धमकी देकर उनके पास ही रुकने के लिए मजबूर किया।
तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई
धमकी देकर आरोपी महिला अपने साथियों के साथ मिलकर उसे अलग-अलग लोगों के पास भेजकर वैश्यावृत्ति कराने लगी। नवम्बर-2024 में मौका मिलने पर वह आरोपियों के चुंगल से भागकर अपने घर जा पहुंची। भागने का पता चलने पर उससे कॉन्टैक्ट कर आरोपी लगातार धमकी देने लगे। करधनी थाने में पीड़िता ने महिला सहित तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसके अलावा अन्य लड़कियों के भी अश्लील वीडियो बना रखे हैं। इससे उन्हें भी ब्लैकमेल कर वैश्यावृत्ति करवाते है।





