सोने की कीमत ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दुनियाभर के बाजार में जारी अस्थिरता के बाद स्टैंडर्ड सोने की कीमत 98 हजार के करीब पहुंच गई है। शुक्रवार को जयपुर सराफा बाजार में स्टैंडर्ड सोने की कीमत में 100 की तेजी आई है। इसके बाद 10 ग्राम स्टैंडर्ड सोने की कीमत बढ़ाकर 97 हजार 900 रुपए पर पहुंच गई है। वहीं, चांदी की कीमत बढ़ाकर 98 हजार 300 रुपए के शिखर पर आ गई है।
सोने में तेजी के 3 कारण
- अमेरिका की टैरिफ पॉलिसी के कारण ट्रेड वॉर का खतरा बढ़ गया है। इससे इकोनॉमी के बढ़ने की रफ्तार धीमी हो सकती है। ग्लोबल मंदी की आशंका भी बढ़ गई है। ऐसे में लोग सोने में अपना निवेश बढ़ा रहे हैं। मंदी के समय सोने को सुरक्षित निवेश माना जाता है।
- डॉलर के मुकाबले रुपए के कमजोर होने से सोने की कीमतों में तेजी आई है। ऐसा इसलिए क्योंकि जब रुपया कमजोर होता है तो इसे इम्पोर्ट करने में ज्यादा पैसे खर्च होते हैं। इस साल रुपए में लगभग 4% की गिरावट आई है, जिससे सोने की कीमतों पर दबाव बढ़ गया है।
- शादियों का मौसम नजदीक आ रहा है, ऐसे में सोने के गहनों की मांग बढ़ रही है। मुंबई, दिल्ली और चेन्नई जैसे शहरों में ज्वेलर्स ने बताया कि ऊंची कीमतों के बावजूद बिक्री में तेजी है, क्योंकि लोग सोने को निवेश और समृद्धि के प्रतीक के रूप में देखते हैं।
1.10 लाख तक जा सकता है सोना
सर्राफा व्यापारी नरोत्तम लाल ने बताया- अमेरिकी-चीन के बीच बढ़ते ट्रेड वॉर और मंदी की आशंकाओं के कारण इस साल सोना 3,700 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकता है। इंटरनेशनल रेट के हिसाब से कैलकुलेट करें तो भारत में 10 ग्राम सोने के दाम 1.10 लाख रुपए तक जा सकते हैं। विदेशी इन्वेस्टमेंट बैंक गोल्डमैन सैक्स ने ये अनुमान जारी किया है। ऐसे में आने वाले दिनों में भारतीय बाजार में सोने के साथ चांदी की कीमत में भी बदलाव का दौर जारी रहेगा।
97 हजार 900 रुपए पहुंचा सोना
जयपुर सर्राफा कमेटी की ओर से जारी भाव के अनुसार जयपुर में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 97 हजार 900 रुपए पर आ गई है। 22 कैरेट प्रति 10 ग्राम सोने की कीमत 91 हजार 200 रुपए पहुंच गई है। सोना 18 कैरेट 79 हजार 200 रुपए प्रति दस ग्राम और 14 कैरट 64 हजार 500 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं, चांदी रिफाइन की कीमत 98 हजार 300 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई है।






