जयपुर में जेसीबी की मदद से सड़क खोदकर बीएसएनएल की केबल चोरी करने वाली गैंग का खुलासा हुआ है। लालकोठी थाना पुलिस ने गैंग के पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन बदमाशों के पास से एक जेसीबी मशीन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। बदमाशों से पुलिस ने करीब 1.5 करोड़ रुपए के तांबे की केबल रिकवर की। इसे बदमाश जमीन से निकाल चुके थे।
पकड़े गए बदमाशों में एक बदमाश जीसीसी कंपनी में सुपरवाइजर बाबुलाल है। जीसीसी कंपनी ने सेन्ट्रल जेल के आसपास सीवर लाइन का ठेका ले रखा था। आरोपी बाबुलाल सीवर लाइन डालने के दौरान भूमिगत केबल चोरी कर रहा था।
डीसीपी ईस्ट तेजस्वनी गौतम ने बताया- 23 अप्रैल को राजेश सक्सेना (57) कनिष्ठ दूरसंचार अधिकारी बीएसएनएल ने एक रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया- भारत संचार निगम लिमिटेड जयपुर के द्वारा सांगानेरी गेट दूरभाष केन्द्र से आगरा रोड घाटगेट और अजमेरी गेट एवं इसके आसपास के क्षेत्र में तांबे की भूमिगत केबल डाली हुई है। इससे इन्टरनेट और अन्य सुविधाएं दी जाती हैं।
23 अप्रैल को घाटगेट से गोविन्द्र मार्ग श्मशान चौराहा, जनता कॉलोनी और आदर्श नगर क्षेत्र की सभी टेलिफोन सेवा ठप हो गई है। मौके पर जाकर देखा तो पता चला कि सेंट्रल जेल के सामने से घाटगेट तक और घाटगेट से श्मशान घाट चौराह तक जाने वाले केबल रूट पर गड्ढे किए हुए हैं।
ये सामान चोरी किया
टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच की तो 800 पेयर की 3 केबल गायब मिली इसकी अनुमानित लम्बाई 200 मीटर थी। 400 पेयर की 3 केबल लगभग 200 मीटर, 200 पेयर की 4 केबल लगभग 200 मीटर, 100 पेयर की 4 केबल लगभग 200 मीटर गायब मिली। चोरी की गई केबल की अनुमानित कीमत 1.5 करोड़ रुपए है। इस पर पुलिस ने टीम गठित की मौके पर लगे हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इस पर पुलिस को लीड मिली। पुलिस ने बदमाशों को डिटेन कर उनके पास से एक जेसीबी और कुछ उपकरण जब्त किये।
इन की हुई गिरफ्तारी
1. बाबुलाल बैरवा (31) पुत्र गंगासहाय बैरवा निवासी गांव रामपुरा कला, थाना राहुवास, जिला दौसा को गिरफ्तार किया। जो जयपुर के मकान नंबर 138 कान्हा नगर-2 सांभरिया रोड थाना कानोता जयपुर में रह रहा था।
2. रामस्वरूप बैरवा (38) पुत्र श्योदान बैरवा निवासी पुरोहितों का बास काल पहाड़ी, थाना सदर, जिला दौसा।
3. मुकेश नायक (21)पुत्र राजूराम नायक निवासी गांव आसरलाई, थाना जैतारण, जिला पाली।
4. रिंकु (38)पुत्र गंगाराम निवासी प्लाट न- 317 दयानन्द नगर, झालाना डूंगरी फेज-1, गली न० 23 थाना गांधी नगर, जयपुर।
5. नासिर खान (21) पुत्र चाव खां निवासी झंझार, थाना सिकरी, जिला डीग।






