वन विभाग की ओर से पर्यावरण संरक्षण और वनों के अवैध दोहन पर रोक लगाने के लिए लगातार सक्रिय अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में उप वन संरक्षक वीरेंद्र सिंह जोरा के निर्देश पर क्षेत्रीय वन अधिकारी राकेश चौधरी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने किशनगढ़ क्षेत्र में अवैध खनन और वानिकी अपराधों पर शुक्रवार काे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

गश्त के दौरान एनएच-8 बाईपास पर छह वाहन अवैध रूप से वानिकी संपदा का परिवहन करते हुए पकड़े गए। इनमें तीन पिकअप व एक ट्रक लकड़ी से भरे हुए थे, एक मिनी ट्रक में अवैध कोयला और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रूप से पत्थर लदे हुए मिले। सभी वाहन बिना वैध रवन्ना दस्तावेजों के थे।
वन विभाग ने मौके पर ही दो वाहन चालकों बबाईचा निवासी सराज पुत्र रशीद मोहम्मद और शाबिर पुत्र इस्लाम के खिलाफ राजस्थान वन अधिनियम, 1953 के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में वनपाल नंदलाल, सहायक वनपाल महेश कुमार श्रीवास्तव, सुरेश सिंह चौधरी, श्रवणराम कलिया, किशनलाल गुर्जर, वनरक्षक मंजीत चौधरी और सुश्री पुष्पा जुनाावां सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

महीने भर में तीसरी बड़ी कार्रवाई
अप्रैल माह में वन विभाग की यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले भी वन विभाग की टीम द्वारा आधा दर्जन से अधिक वाहन अवैध परिवहन करते हुए पकड़े जा चुके हैं, जिन पर नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।
अवैध गतिविधियों पर बनेगा दबाव
जब्त किए गए वाहनों के विरुद्ध शीघ्र ही असेसमेंट कर जुर्माना (पेनल्टी) लगाया जाएगा। साथ ही, इन गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों की निगरानी बढ़ा दी गई है। वन विभाग अब क्षेत्र में ड्रोन व आधुनिक तकनीकों की मदद से निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की योजना बना रहा है






