जयपुर में 9 साल की बच्ची के किडनैपिंग का मामला सामने आया है। स्कूल वैन के आगे कार लगाकर रोक उसमें सवार लोगों ने गला दबाकर ड्राइवर को पकड़ लिया। वैन का गेट खोलकर उसमें बैठी बच्ची को जबरन उठाकर कार से फरार हो गए। मुहाना थाने में स्कूल वैन के ड्राइवर ने किडनैपिंग का मामला दर्ज करवाया है।
पुलिस ने बताया- पत्रकार कॉलोनी मुहाना निवासी मुकेश कुमार (28) ने किडनैपिंग का मामला दर्ज करवाया है। शिकायत में बताया- वह एक प्राइवेट स्कूल में वैन चलाता है। वैन से बच्चों को स्कूल व घर छोड़ने का काम करता है। 8 मई को रोज की तरह सुबह 6:50 बजे मुहाना इलाके में पत्रकार कॉलोनी में 4 क्लास में पढ़ने वाली 9 साल की बच्ची को लेने उसके घर गया था। स्कूल वैन में बैठे 8-9 बच्चों के साथ उसकी मां ने भी बच्ची को बैठा दिया।
बच्ची को जबरन उठा लिया
बच्ची के घर से कुछ दूरी पर सोसाइटी से बाहर निकलते ही स्कूल वैन के आगे हुंडई वेन्यू कार आकर रुकी। कार से 3-4 लोग उतरकर तेजी से वैन की तरफ आए। एक ने उसके गला दबाकर वैन की चाबी निकाल ली। दूसरे ने उसके हाथ पकड़ लिए। वैन का गेट खोलकर उसमें बैठी बच्ची को जबरन उठा लिया।
बच्ची रोते हुए बोल रही थी कि मुझे आपके साथ नहीं जाना है। बच्ची का किडनैप कर ले जाते समय कार सवार वैन की चाबी फेंककर वहां से फरार हो गए। बच्ची के मां को किडनैपिंग की बताकर तुरंत मुहाना थाने में शिकायत दी। पुलिस ने किडनैपिंग का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस बोली- बच्ची का पिता लेकर गया
जांच अधिकारी SI वन्दना का कहना है- मामला किडनैपिंग का नहीं है। बच्ची के पिता ही उसको लेकर गए हैं। पिछले सालभर से पति-पत्नी में डिवोर्स का केस चल रहा था। डिवोर्स होने के बाद बच्ची की कस्टडी के लिए चैलेंज कर रखा है। रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।






