जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम को 7 दिन में तीसरी बार बम से उड़ने की धमकी दी गई है। लेकिन इस बार धमकी देने वाले व्यक्ति ने न सिर्फ स्टेडियम को बम से उड़ने की धमकी दी है। बल्कि, एक रेप पीड़िता को न्याय दिलाने की गुहार भी की है। जिसके बाद पुलिस ने स्टेडियम में सर्च ऑपरेशन शुरू कर इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में बम विस्फोट को लेकर मंगलवार को एक बार फिर धमकी भरा ई – मेल किया गया है। लेकिन इस बार ई – मेल में सवाई मानसिंह स्टेडियम को बम से उड़ाने की धमकी के साथ ही रेप पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की गई थी। खेल परिषद के ई – मेल आईडी पर मंगलवार को दोपहर 2 बजे अज्ञात ई-मेल आईडी से एक मेल आया था। जिसमें लिखा गया था कि- हम साल 2003 में हैदराबाद के लेमन ट्री होटल में एक लड़की के साथ बलात्कार करने वाले बलात्कारी के बारे में पुलिस का ध्यान आकर्षित करने के लिए स्टेडियम को बम से उड़ने की धमकी भरे मेल कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आप उस आरोपी के आधार कार्ड की जांच करके इसकी पुष्टि भी कर सकते हैं। ई – मेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति ने आरोपी के साथ ही उसके पिता और माता की जानकारी भी ई – मेल पर भेजी है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि इन्होंने एक करोड़ रुपए दहेज के लिए प्रताड़ित किया है। इन पर घर और कार का लोन भी है। मैं राजस्थान सरकार से अनुरोध करता हूं कि वह इस मामले में हस्तक्षेप करें और बलात्कारी आरोपी को गिरफ्तार कर न्याय दिलाए।
राजस्थान खेल परिषद के सचिव राजेंद्र सिंह सिसोदिया ने कहा कि आज तीसरी बार जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम को बम से उड़ने की धमकी मिली है। जिसमें स्टेडियम को बम से उड़ने के साथ ही एक रेप पीड़िता को न्याय दिलाने की बात भी कही गई है। ई – मेल को लेकर हमने पुलिस को सूचना दी है। पुलिस ई – मेल पर भेजे गए नंबरों के साथ ही मेल भेजने वाले व्यक्ति के आधार पर इस मामले की जांच कर रही है। इसके साथ ही स्टेडियम में भी सर्च किया जा रहा है।
जयपुर मेट्रो स्टेशन-ट्रेन को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी
9 मई को जयपुर मेट्रो को बम से उड़ने की धमकी मिली थी। यपुर मेट्रो की मेल आईडी पर ईमेल मिला था। इसमें ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद जयपुर मेट्रो स्टेशन और ट्रेन दोनों को उड़ाने की धमकी दी गई थी। लेकिन जांच में कुछ नहीं मिला था।
20 फरवरी को एसएमएस मेडिकल कॉलेज को मिली थी धमकी
20 फरवरी को SMS मेडिकल कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल की ईमेल आईडी पर मैसेज आया था। 22 फरवरी की शाम को मेल खोला तो अस्पताल प्रशासन के अधिकारियों ने जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी थी।
इससे पहले 4 अक्टूबर को जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ ही देशभर के 100 से अधिक एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। एयरपोर्ट पर CISF की ऑफिशियल आईडी पर मेल भेजा गया था। मेल में लिखा था- दुनिया के सबसे ताकतवर देशों से अकेले टक्कर लेते हैं। सब जगह होगा बूम…बूम…बूम। जांच के बाद टीम को कुछ नहीं मिला था।






