विवादों से घिरे बाड़मेर जिले के रामसर एसडीएम अनिल जैन को सोमवार रात सरकार ने एपीओ कर दिया। सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल और शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने एसडीएम पर कंपनियों की गुलामी करने और बॉर्डर इलाके की जमीन खरीद-फरोख्त के आरोप लगाए थे।
गौरतलब है कि 17 मई को शिव के मणिहारी गांव में एक खेत में जबरदस्ती कंपनी के लोग हाइटेंशन पोल लगा रहे थे। इसको लेकर पीड़ित परिवार ने विरोध जताया तो कंपनी के लोगों ने मौके पर पुलिस बुला ली। इस घटनाक्रम के दौरान ग्रामीणों की झड़प में एसडीएम भी महिला से उलझते हुए नजर आए।
इसके बाद पुलिस ने एक महिला समेत 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस घटनाक्रम के बाद मामले ने तूल पकड़ा और शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने धरना-प्रदर्शन किया था। थाने में करीब 8 घंटे तक तक चले धरने के बाद मामले में गिरफ्तार लोगों को रिहा किया था। अब दो दिन बाद सरकार ने रामसर एसडीएम अनिल जैन, रामसर तहसीलदार अशोक कुमार को एपीओ कर दिया है।
इसको लेकर शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने पुरजोर तरीके से विरोध जताते हुए एसडीएम पर गंभीर आरोप लगाए थे। कंपनियों की गुलामी करने और बॉर्डर इलाके की जमीन खरीद-फरोख्त के भी आरोप लगाए।
एपीओ किए जाने के बाद विधायक भाटी ने कहा कि ये जनता के संघर्ष का परिणाम है।






