जयपुर(सुनील शर्मा) नगर निगम ग्रेटर महापौर डॉ.सौम्या गुर्जर ने नई पहल करते हुए आज मंगलवार को मुख्यालय भवन परिसर में नवनिर्मित पन्नाधाय शिशु पालना गृह क्रेच के रूप में नगर निगम ग्रेटर के अधिकारियों,कर्मचारियों एवं अन्य कामकाजी महिलाओं के लिये एक नई सौगात दी।उन्होने कहा कि मातृत्व कामकाजी महिलाओं के लिये बाधा ना बने और कार्यस्थल की जिम्मेदारी का निर्वहन भली भांति कर सके।इसके लिये सीसीटीवी सहित सर्व सुविधा युक्त क्रेच की शुरूआत की। मंगलवार को महापौर एवं आयुक्त बाबू लाल गोयल ने पन्नाधाय शिशु पालना गृह का लोकार्पण किया।

पन्नाधाय शिशु पालना गृह में छःमाह से लेकर छःवर्ष तक के बच्चों को प्रवेश दिया जा सकेगा साथ ही महापौर ने बताया कि शिशु पालना गृह का समय प्रातः9 बजे से सायं 6ः30 बजे तक रहेगा।शिशु पालना गृह में बच्चों को उच्च गुणवत्ता युक्त दूध,दलिया, खिचड़ी,चावल,फल,सेरेलेक, कॉर्नफ्लेक्स समय-समय पर दिया जायेगा।नगर निगम जयपुर ग्रेटर में पदस्थापित अधिकारियों व कर्मचारियों के बच्चों के लिये दो हजार रूपये प्रतिमाह जयपुर नगर निगम ग्रेटर के अतिरिक्त अन्य राजकीय अधिकारियों व कर्मचारियों के बच्चों के लिये 3200 रूपये प्रतिमाह,गैर सरकारी व्यक्तियों के बच्चों के लिये 4000 रूपये प्रतिमाह फीस ली जायेगी।







