जयपुर में 3 साल की बच्ची से रेप का मामला सामने आया है। खेलते हुए आरोपी पड़ोसी उसे उठा ले गया। अकेला पाकर मासूम से गलत हरकत की। रोते हुए घर पहुंचकर बच्ची ने अपनी मां को आपबीती सुनाई। सांगानेर थाने में पीड़िता की मां ने आरोपी पड़ोसी के खिलाफ FIR दर्ज करवाई है। मामले की जांच RPS (वुमन क्राइम इन्वेस्टिगेशन सेल) नारायण लाल शर्मा कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया- उत्तर प्रदेश निवासी महिला ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वह परिवार के साथ सांगानेर में किराए से रहती है। 3 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे उनकी 3 साल की बेटी घर के बाहर खेल रही थी। घर के बाहर खेलते समय आरोपी पड़ोसी उसे बहला-फुसलाकर उठा ले गया। आरोपी पड़ोसी ने उसके साथ गलत हरकत की।
रोते हुए घर लौटी मासूम ने अपनी मां को पड़ोसी अंकल की करतूत के बारे में बताया। घर जाकर पूछने पर आरोपी पड़ोसी ने गलती होना स्वीकार किया। तीन साल की पीड़ित मासूम बेटी को लेकर उसकी मां ने सांगानेर थाने पहुंचकर आरोपी पड़ोसी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने रेप और पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






