जयपुर, दौसा, टोंक, कोटा, सीकर, अलवर और सवाई माधोपुर में सोमवार सुबह बारिश हुई। जयपुर शहर में सुबह 4:15 बजे बादलों की गर्जना के साथ बारिश शुरू हुई, जो सुबह 6:15 बजे तक चली। इसके बाद कहीं-कहीं बूंदाबांदी जारी रही।
दौसा जिले में आज तड़के 3 बजे बारिश के साथ अंधड़ आया। सदर थाना क्षेत्र के मित्रपुरा गांव में दीवार ढह गई। इसमें दबने से महिला की मौत हो गई। कई जगह टीन-टप्पर उड़ गए। बिजली के कई पोल और पेड़-पौधे धराशायी हो गए। भांडारेज बांध एरिया में मोबाइल टावर टूट गया।
सीकर में बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया। नाले उफान पर हैं। अलवर में खेतों और अंडरपास में पानी भर गया। झुंझुनूं में बाघोली नदी के तेज बहाव के कारण नेशनल हाईवे-52 को जोड़ने वाली सड़क धंस गई और पानी में बह गई।
कोटा से रविवार को पिकनिक मनाने मध्य प्रदेश के भानपुरा गए 2 युवक तालाब में डूब गए। दोनों के शव सोमवार सुबह निकाले गए। माउंट आबू से पिकनिक मनाकर जालोर लौट रहे युवक की आबूरोड के किवरली गांव में बनास नदी में डूबने से मौत हो गई।
टोंक में कई जगह रिमझिम बारिश हुई। बीसलपुर बांध में पिछले 24 घंटे में सुबह 6 बजे तक 5 सेंटीमीटर पानी आया। बांध का जलस्तर 313.82 आरएल मीटर पर पहुंच गया है। प्रदेश में आज 2 जिलों में बारिश का ऑरेंज और 22 जिलों में येलो अलर्ट है।
देखिए, प्रदेश में बारिश-अंधड़ की PHOTOS…
झुंझुनूं में बाघोली नदी के तेज बहाव के कारण नेशनल हाईवे-52 को जोड़ने वाली सड़क धंस गई और पानी में बह गई।
सीकर में खंडेला से श्रीमाधोपुर की तरफ जाने वाले रास्ते के बीच राईका नाला उफान पर है। यहां पर आवागमन पूरी तरह से बाधित है।
सीकर के फतेहपुर रोड पर सबलपुरा पावर हाउस के पास सीकर-लक्ष्मणगढ़ मार्ग पर जलभराव हो गया।
जयपुर शहर में सुबह 4:15 बजे बारिश शुरू हुई। तस्वीर जवाहर नगर सेक्टर-4 की है।
दौसा में अलसुबह 3 बजे अंधड़ के साथ बारिश हुई। तस्वीर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के भांडारेज इंटरचेंज की है।
दौसा में अंधड़ से भांडारेज बांध स्थित मोबाइल टावर दो जगह से टूटकर गेट की शक्ल में तब्दील हो गया।
तस्वीर अलवर के मालाखेड़ा की है। यहां बारिश के बाद खेतों में पानी भर गया।
टोंक में सोमवार सुबह कई जगह रिमझिम और हल्की बारिश हुई।






