Home » राजस्थान » 75 लाख के जवाहरात 1 लाख रुपए में खरीदे:डकैतों को नकली बताकर सस्ते में खरीदा था सामान, जयपुर पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार किया

75 लाख के जवाहरात 1 लाख रुपए में खरीदे:डकैतों को नकली बताकर सस्ते में खरीदा था सामान, जयपुर पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार किया

जयपुर पुलिस ने डकैती कर लूटे गए 75 लाख के जवाहरात खरीदने वाले बदमाश को गिरफ्तार किया है। मुंबई में दबिश देकर आरोपी के फ्लैट से 70 लाख कीमत के जवाहरात बरामद भी कर लिए गए हैं। आरोपी बदमाश ने 1 लाख रुपए में डकैतों से जवाहरात खरीदे थे। बदमाश ने डकैतों को बताया था कि जवाहरात नकली हैं। एसएमएस हॉस्पिटल थाना पुलिस डकैती के मामले में पहले ही चार बदमाशों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, दो फरार बदमाशों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

डीसीपी (ईस्ट) तेजस्वनी गौतम ने बताया- लूट का माल खरीदने वाले बदमाश अजय कुमार नट (39) निवासी सेवर भरतपुर हाल ठाणे महाराष्ट्र को अरेस्ट किया गया है। पुलिस ने महाराष्ट्र के मुंबई स्थित ठाणे में आरोपी अजय कुमार नट के फ्लैट पर दबिश देकर उसे पकड़ा।

फ्लैट की तलाशी में बदमाश से डकैती डालकर लूटे 70 लाख रुपए कीमत के रत्न व जवाहरात बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया है कि उसने झूठ बोलकर रत्न-जवाहरात को नकली बताया। सोने को 16 कैरेट का बताकर एक लाख रुपए में खरीदा, जबकि उसकी वास्तविक कीमत करीब 70 लाख रुपए है।

रेकी कर लूट ले गए बैग

दरअसल, आदर्श नगर के साकेत कॉलोनी निवासी बृजमोहन गांधी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया था कि 3 जून को शाम करीब 5:30 बजे वह जौहरी बाजार के रत्नासागर स्थित ऑफिस से कपड़े के बैग में 75 लाख रुपए कीमत के रत्न व जवाहरात लेकर निकले थे।

रामसिंह रोड पर पृथ्वीराज टी पाइंट की रेड लाइट होने पर कार रोककर बैठा था। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश शीशा तोड़कर कार में रखा बैग लूटकर फरार हो गए। लूटे गए माल की कीमत करीब 75 लाख रुपए थी। पुलिस प्रथमदृष्टया जांच में रेकी कर वारदात करने का पता चला।

फरार दो बदमाशों की तलाश

डकैती के मामले में पुलिस बदमाश धर्मवीर उर्फ राहुल जाट, राहुल चौधरी, अरविन्द जाटव उर्फ नेता और अनिकेत उर्फ लाला को पहले गिरफ्तार कर चुकी है। इनके कब्जे से डकैती की वारदात में यूज होंडा सिटी कार, एक रिवॉल्वर, दो बाइक जब्त की जा चुकी है। मामले में फरार सरगना संतोष सिंह चौहान और विशाल उर्फ बिस्सु की तलाश की जा रही है। फरार दोनों बदमाशों के कब्जे से दो अंगूठियां और वारदात में यूज स्कूटी बरामद करना बाकी है।

प्लानिंग कर हुए इकट्ठा, बराबर हिस्सा बांटकर भागे

वारदात के बाद पुलिस ने CCTV फुटेजो को खंगाला। फुटेज के आधार पर वारदात में यूज बाइकर्स व स्कूटी का रूट चार्ट बनाया था। पुलिस टीम रूट चार्ट के जरिए वारदात से पहले और बाद में इकट्ठा होने वाले मकान तक पहुंची। मकान में रहने वाले धर्मवीर उर्फ राहुल जाट निवासी सेवर भरतपुर को उसके गांव से पकड़ा।

पूछताछ में आरोपी ने बिजनेसमैन से रत्न-जवाहरात लूटना स्वीकार किया। उसने गैंग सरगना मुंबई निवासी संतोष सिंह चौहान, अनिकेत उर्फ लाला, विशाल उर्फ बिस्सु, राहुल चौधरी व अरविन्द उर्फ नेता के साथ मिलकर डकैती डालना बताया। लूटे गए माल को सरगना संतोष सिंह के भाई अजय कुमार को बेच दिया। छहों आरोपियों ने माल से मिले रुपयों को बराबर बाट लिया। जिसमें एक-एक अंगुठी सरगना संतोष सिंह और विशाल से रख ली थी।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS