Home » राजस्थान » ऑटो ड्राइवर ने महिला को थप्पड़ मारे, गाल सूजा:छोटे बच्चे के किराए के लिए पीटा; खाटूश्यामजी के दर्शन कर रींगस रेलवे स्टेशन के लिए बैठे थे

ऑटो ड्राइवर ने महिला को थप्पड़ मारे, गाल सूजा:छोटे बच्चे के किराए के लिए पीटा; खाटूश्यामजी के दर्शन कर रींगस रेलवे स्टेशन के लिए बैठे थे

सीकर के खाटूश्यामजी में दर्शन कर रींगस रेलवे स्टेशन लौट रही महिलाओं के साथ टेम्पो चालक ने मारपीट कर दी। महिलाओं का आरोप है कि छोटे बच्चे के किराए के लिए टेम्पो चालक ने थप्पड़ मारे, जिससे एक महिला का गाल सूज गया।

टेम्पो ड्राइवर किराया लेकर भाग गया। घटना सुबह करीब 10 बजे की है।

दर्शन कर ट्रेन में बैठने के लिए आए थे रींगस
महिला सीमा और शबाना ने बताया- वो अपने बच्चों के साथ चित्तौड़गढ़ से खाटूश्यामजी दर्शन करने आए थे। वापस चित्तौड़गढ़ जाने के लिए रींगस रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़नी थी। इसके लिए खाटूश्यामजी से एक टेम्पो में बैठ गए। रींगस पहुंचने पर जब पैसे देने लगे तो टेम्पो चालक ने छोटे बच्चे का भी किराया मांगा।

ड्राइवर ने थप्पड़ मारा, गाल सूजा
महिला ने बताया- हमने कहा कि छोटे बच्चे का क्या किराया लोगे। इस बात पर तैश में आकर टेम्पो ड्राइवर ने शबाना के गाल पर थप्पड़ मार दिया और किराया लेकर वहां से भाग गया। घटना में महिला शबाना का गाल सूज गया।

महिलाओं ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को कार्रवाई का आश्वासन दिया। महिलाओं ने पुलिस से कहा कि आज उनके साथ ऐसा हुआ है, कल किसी और के साथ हो सकता है। पुलिस अब ड्राइवर की तलाश में जुट गई है।

रींगस थाने के एएसआई सुरेश कुमार ने बताया- महिलाओं के साथ मारपीट और थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिलाओं से घटना की जानकारी ली। टेम्पो चालक की तलाश की जा रही है।

बता दें कि इससे पहले खाटूश्यामजी में एक परिवार के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई थी। 11 जुलाई (शुक्रवार) को बारिश से बचने के लिए दुकान में घुसे परिवार के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की घटना हुई थी।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS