अजमेर में दो दिन तेज बरसात से जलभराव के हालात है। दरगाह क्षेत्र में भरे पानी में तो लोग ही बहने लगे। दुकानों के बाहर खड़े लोगों ने रस्सी फेंककर उन्हें बचाया। वहीं किशनगढ़ के पास ऊंटड़ा गांव में तीन लड़कियों की नाडे में डूबने से मौत हो गई। एक लड़की बच गई, जिसका इलाज जारी है।
बरसात से शहर के मुख्य मार्ग और गली मोहल्लों में पानी भरा है। केरियों की ढाणी में करीब 20 घरों के अंदर पानी घुस गया। वहीं आनासागर झील की भराव क्षमता 13 फीट है। वर्तमान में जलस्तर 15 फीट 11 इंच है। पानी की लगातार आवक हो रही है।
अजमेर की वरूण सागर झील की चादर भी चलने लगी है। रात आठ बजे से सुबह सात बजे तक 64 एमएम बरसात दर्ज की गई है। वैशाली नगर सागर विहार कॉलोनी में भरा पानी लोगों के लिए मुसीबत बन गया है।
आनासागर से पानी की निकासी लगातार की जा रही है। पानी की निकासी के चलते बजरंगगढ़ से फव्वारा सर्कल के बीच मार्ग पूरी तरह से बंद कर दिया गया। ऐसे में 500 मीटर की दूरी तय करने के लिए लोगों को करीब 2 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
कलेक्टर लोकबंधु सहित अफसरों ने रात को भी क्षेत्रों का दौरा किया। सुबह से क्षेत्र में जायजा ले रहे हैं। शहर में सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ को भी तैनात किया गया है।
अजमेर में बारिश, फोटो में देखिए-
स्मार्ट सिटी अजमेर में भरा पानी लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है।
दरगाह क्षेत्र में पानी के तेज बहाव के बीच कुछ लोग बह गए, हालांकि उन्हें तुरंत बचा लिया गया।
अजमेर के वैशाली नगर सागर विहार कॉलोनी में पानी भरा है और लोग घरों में कैद है। लोगों के वाहन भी पानी में डूब गए है और घरों में करीब तीन तीन फीट पानी भरा है।
अजमेर की वरूण सागर झील की चादर भी चलने लगी है। इसकी भराव क्षमता 26 फीट है।
कलेक्टर लोकबंधु सहित अफसर रातभर दौरे पर रहे और हालात देखकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रातभर तेज बरसात हुई। रात आठ बजे से सुबह सात बजे तक 64 एमएम बरसात दर्ज की गई है।
आनासागर से की जा रही पानी निकासी के चलते बजरंग गढ़ से फव्वारा सर्कल के बीच मार्ग बंद कर दिया है।





