नगर निगम हेरिटेज जयपुर ने हरियालो राजस्थान अभियान के तहत हरियाली तीज के अवसर पर लक्ष्य से आगे बढ़ते हुए एक दिन में दो लाख से अधिक पौधे लगा दिए।इस दौरान हेरिटेज निगम महापौर कुसुम यादव और आयुक्त डॉ निधि पटेल ने अभियान के तहत डेढ़ लाख पौधरोपण कर इनिशिएटिव लिया था,लेकिन एक पेड़ मां के नाम पर लगाने के हेरिटेज निगम के आव्हान पर रविवार को पौधारोपण के लिए ऐसा जान सैलाब उमड़ा कि दोपहर 2 बजे ही हेरिटेज निगम ने डेढ़ लाख पौधरोपण का आंकड़ा पार कर लिया।इस अभियान को सफल बनाने के लिए हेरिटेज निगम आयुक्त डॉ निधि पटेल ने योजनाबद्ध तरीके से नेतृत्व किया और निगम के अधिकारियों के साथ टीमवर्क करते हुए आंकड़ा दो लाख के पार कर दिया।सबसे ज्यादा पौधे सिविल लाइन जोन में लगाए गए। सिविल लाइन जोन के खड्डा पार्क में मुख्य आयोजन किया गया,जहां विधायक गोपाल शर्मा,महापौर कुसुम यादव, आयुक्त डॉ निधि पटेल ने अशोक के पौधा लगाकर प्रकृति की रक्षा का संदेश भी दिया।इस सभी पौधों को जिओ टैगिंग भी की गई है।इस दौरान चेयरमैन पवन शर्मा नटराज,पूनम शर्मा,अतिरिक्त आयुक्त सुरेंद्र यादव,उपायुक्त स्वास्थ्य देवानंद शर्मा,अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्रवण कुमार वर्मा सहित अन्य निगम अधिकारी और श्याम नगर विकास समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।

दो दिन से चल रही थी मैराथन तैयारी,सुबह होते ही शुरू हो गया पौधारोपण
इस अभियान के बारे बताते हुए हेरिटेज निगम आयुक्त डॉ निधि पटेल ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से हरियाली तीज के अवसर पर प्रदेश भर में पौधे लगाने का आव्हान किया गया था।ऐसे में हेरिटेज निगम की ओर से डेढ़ लाख पौधे लगाने का इनिशिएटिव लिया गया।काम थोड़ा मुश्किल जरूर था,लेकिन हेरिटेज निगम के सभी चेयरमैन,पार्षद,अधिकारी और कार्मिकों के उत्साह से क्षेत्र में दो लाख पौधे लगाए गए।इसके लिए निगम प्रशासन ने टीम वर्क करते हुए दो दिन पहले से ही तैयारी शुरू कर दी गई थी। इसके लिए स्वयंसेवी संस्थाओं,संगठन, एनजीओ,पार्षद और स्थानीय लोगों का सहयोग रहा।
पौधरोपण के लिए एक दिन ने खोद दिए गए 63400 गड्ढे
हेरिटेज निगम के अतिरिक्त आयुक्त सुरेंद्र यादव ने बताया कि हेरिटेज निगम महापौर कुसुम यादव और आयुक्त डॉ निधि पटेल के इनिशिएटिव के बाद निगम की सभी शाखाओं को टास्क दिया गया। जिसमें निगम के चार हजार से ज्यादा सफाईकर्मी,100 के करीब अधिकारी, मुख्यालय और जोन के कार्मिक,300 ऑपरेटर,विभिन्न एजेंसियों के करीब 500 कार्मिकों की जोन के हिसाब से टीम बनाई गई।सभी को प्रकृति की रक्षा के लिए पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया।योजनाबद्ध कार्य करते हुए निगम ने 63 हजार से ज्यादा गड्ढे एक दिन में ही खोद दिए।जिनमें सबसे ज्यादा गड्ढे सिविल लाइन जोन में खोदे गए।इसके अलावा बाकी जोन के चिन्हित स्थानों पर भी कार्य संपादित किया गया।
यहां यहां रोपे गए पौधे
266 छोटे बड़े उद्यान
दिल्ली रोड ग्रीन वेली
आगरा रोड सिल्वन पार्क
हिंगोनिया गोशाला
चांदपोल मोक्षधाम
आदर्श नगर मोक्षधाम
शास्त्री नगर कब्रिस्तान
घाटगेट कब्रिस्तान
द्रव्यवती नदी के किनारे
100 वार्डो के करीब 120 कालोनी





